क्या आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में मिलेगा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू? टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ा सवाल

Will 15-year-old Vaibhav Sooryavanshi make his debut in the second T20 against Ireland? biggest question चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में मिली 34 रन की हार के बाद अब टीम इंडिया की नजरें सीरीज बचाने पर हैं। लेकिन मैच से पहले सबसे बड़ी चर्चा किसी रणनीति या गेंदबाजी को लेकर नहीं, बल्कि 15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू को लेकर हो रही है।

रविवार को खेले जाने वाले दूसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में क्या टीम इंडिया युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका देगी? यह सवाल क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। अभिषेक शर्मा की 19 गेंदों में तेज़ अर्धशतकीय पारी को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। संजू सैमसन, कप्तान श्रेयस अय्यर और उपकप्तान तिलक वर्मा सभी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे।

182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी भारतीय टीम 148 रन पर सिमट गई और आयरलैंड ने 34 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

क्या अब मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को मौका?

पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम संयोजन में बदलाव न करने और अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताने की बात कही थी। हालांकि, बल्लेबाजी की नाकामी के बाद अब टीम प्रबंधन पर बदलाव का दबाव बढ़ गया है।

वैभव सूर्यवंशी ने हाल के महीनों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। श्रीलंका के डंबुला में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। ऐसे में माना जा रहा है कि उनकी निडर बल्लेबाजी भारत की लड़खड़ाती टॉप ऑर्डर को नई ऊर्जा दे सकती है।

किसकी जगह मिल सकती है मौका?

अगर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है, तो किसी एक ओपनर को बाहर बैठना होगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा की जगह लगभग तय है, जबकि पहले मैच में असफल रहे संजू सैमसन की जगह पर खतरा मंडरा रहा है।

हालांकि, कुछ पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि इतनी कम उम्र में निर्णायक मुकाबले में डेब्यू कराना जल्दबाजी भी साबित हो सकता है। अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी पहले सलाह दे चुके हैं कि वैभव पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए और उन्हें धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका मिलना चाहिए।

भारत पिछले 12 द्विपक्षीय टी20 सीरीज में अजेय रहा है। ऐसे में आयरलैंड के खिलाफ सीरीज हारना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका होगा। यही वजह है कि टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा फैसला यही होगा कि क्या सीरीज बचाने के लिए युवा वैभव सूर्यवंशी पर दांव लगाया जाए या फिर अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बरकरार रखा जाए।

अब सभी की निगाहें दूसरे टी20 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन पर होंगी, जहां यह साफ हो जाएगा कि भारतीय क्रिकेट को उसका नया युवा सितारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देखने को मिलेगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *