क्या राघव जुयाल और निहारिका एनएम कर रहे हैं डेट? एक पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं

Are Raghav Juyal and Niharika NM dating? A post has sparked speculation.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: एक्टर राघव जुयाल और एक्ट्रेस-डिजिटल कंटेंट क्रिएटर निहारिका एनएम इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। दोनों ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ बेहद करीब और प्यारी तस्वीरें साझा कीं, जिसके बाद फैंस उनकी रिलेशनशिप को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे।

राघव और निहारिका ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में सिर्फ एक लाल दिल (❤️) और एक स्टार (⭐) इमोजी लगाया। हालांकि कैप्शन छोटा था, लेकिन दोनों की केमिस्ट्री ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। एक तस्वीर में राघव, निहारिका को पीछे से गले लगाए हुए नज़र आ रहे हैं, जबकि दोनों कैमरे की ओर मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने इसे दोनों के रिश्ते का आधिकारिक ऐलान माना, जबकि कुछ का कहना है कि यह उनकी आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ के प्रमोशन का हिस्सा हो सकता है।

इस पोस्ट पर कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रिया दी। रैपर रफ्तार ने कमेंट किया, “जे बात लाडले,” वहीं शहनाज़ गिल ने लिखा, “Best” और साथ में नज़र न लगने वाली इमोजी शेयर की। कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने भी चार नज़र वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी।

फैंस भी अपनी उत्सुकता छिपा नहीं पाए। एक यूज़र ने लिखा, “अगर ये सच है तो मैं बेहद खुश हूं।” वहीं दूसरे ने लिखा, “उम्मीद है कि ये सिर्फ फिल्म प्रमोशन नहीं, बल्कि सच में आप दोनों साथ हों।”

दरअसल, राघव जुयाल और निहारिका एनएम जल्द ही फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ में पहली बार साथ नज़र आने वाले हैं। फिल्म का निर्देशन विवेक बी. अग्रवाल ने किया है। इसमें संजय कपूर, निकी वालिया, विवान भटेना और बरखा सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कई लोग इस पोस्ट को फिल्म के प्रमोशनल कैंपेन से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, अब तक राघव और निहारिका में से किसी ने भी इन तस्वीरों को लेकर कोई सफाई नहीं दी है और न ही यह बताया है कि तस्वीरें उनकी निजी ज़िंदगी से जुड़ी हैं या फिल्म के प्रचार का हिस्सा हैं।

बता दें कि इससे पहले राघव जुयाल का नाम अभिनेत्री शहनाज़ गिल के साथ भी जोड़ा गया था, लेकिन दोनों ने कभी इन अफवाहों की पुष्टि नहीं की।

वर्क फ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल ने अपने करियर की शुरुआत एक डांसर के रूप में की थी और बाद में अभिनय की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म ‘किल’ में उनके खलनायक के किरदार को काफी सराहना मिली थी। वहीं निहारिका एनएम भारत की लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स में से एक हैं और उन्होंने पिछले साल तमिल फिल्म ‘पेरुसु’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी।

फिलहाल, राघव जुयाल और निहारिका एनएम के रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि दोनों डेट कर रहे हैं या यह उनकी आगामी फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *