जोफ्रा आर्चर के सामने नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, मोईन अली बोले, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बिल्कुल अलग’

Vaibhav Sooryavanshi’s bat failed against Jofra Archer; Moeen Ali says, ‘International cricket is completely different.’चिरौरी न्यूज

ब्रिस्टल: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर अपनी बढ़त कायम रखी है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में आर्चर ने लगातार दूसरी बार शॉर्ट गेंद की रणनीति अपनाकर सूर्यवंशी को आउट किया, जिसके बाद पूर्व इंग्लिश ऑलराउंडर मोईन अली ने इस मुकाबले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मोईन अली ने कहा कि उन्होंने आईपीएल के दौरान कई बार सुना था कि राजस्थान रॉयल्स के नेट्स में वैभव सूर्यवंशी ने जोफ्रा आर्चर की गेंदों पर जमकर रन बनाए थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का स्तर बिल्कुल अलग होता है।

‘बीयर्ड बिफोर विकेट’ पॉडकास्ट पर मोईन अली ने कहा, “मुझे आर्चर की गेंदबाजी बहुत पसंद आई। आईपीएल के दौरान राजस्थान रॉयल्स के सोशल मीडिया पर देखा था कि वैभव ने नेट्स में आर्चर की गेंदों पर कई बड़े शॉट लगाए थे। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अलग होता है। आर्चर ने शानदार बाउंसर फेंककर वैभव को आउट किया। वह बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं, मैं उनकी क्षमता पर सवाल नहीं उठा रहा, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में हालात बिल्कुल अलग होते हैं।”

सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे थे, जबकि ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 में भी आर्चर की बाउंसर पर उनका टॉप एज निकला और फील्डर ने आसान कैच लपक लिया।

15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब तक तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन ही बना सके हैं। उन्हें टीम में उस समय मौका मिला जब संजू सैमसन लगातार तीन मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

हालांकि, वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए थे। उन्होंने 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े थे, जिसके दम पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।

वहीं, इंग्लैंड ने चौथा टी20 जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *