विंबलडन फाइनल में पहुंचे यानिक सिनर, नोवाक जोकोविच को बताया ‘सच्ची प्रेरणा’

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मौजूदा विंबलडन चैंपियन यानिक सिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में टेनिस के दिग्गज नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में सिनर का सामना फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा।
विश्व नंबर-1 सिनर ने इस जीत के साथ जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में जोकोविच से मिली हार का बदला भी ले लिया। वहीं, जोकोविच का रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।
मैच के बाद सिनर ने जोकोविच की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें पूरी टेनिस दुनिया के लिए “सच्ची प्रेरणा” बताया। उन्होंने कहा, “नोवाक के खिलाफ खेलने से पहले हमेशा दबाव महसूस होता है। यही वजह है कि मैं लगातार मेहनत करता हूं और चुनौतियों का सामना करना पसंद करता हूं। ग्रैंड स्लैम में उनके खिलाफ खेलना किसी भी अन्य टूर्नामेंट से बिल्कुल अलग अनुभव होता है।”
सिनर ने आगे कहा, “39 साल की उम्र में भी जिस स्तर का टेनिस वह खेल रहे हैं, वह अविश्वसनीय है। फेलिक्स ऑगर-अलियासिम के खिलाफ उनका क्वार्टर फाइनल मैंने देखा था, उनका खेल बेहद शानदार था। वह हम सभी खिलाड़ियों और खासकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने दिखाया है कि मजबूत मानसिकता शरीर और प्रदर्शन दोनों को नई ऊर्जा देती है।”
सिनर ने कहा कि जोकोविच जैसे महान खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलना पड़ता है।
उन्होंने कहा,”नोवाक के खिलाफ बराबरी की टक्कर देने के लिए आपको अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना ही पड़ता है। आज मैं अपने खेल का स्तर ऊपर ले जाने में सफल रहा और इससे मुझे काफी आत्मविश्वास मिला। उनके खिलाफ खेलने का अनुभव भविष्य में भी मेरे बहुत काम आएगा।”
फाइनल में होगी ज्वेरेव से टक्कर
रविवार को होने वाले फाइनल में सिनर का मुकाबला अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। हालांकि पिछले मुकाबलों में सिनर का पलड़ा भारी रहा है और उन्होंने ज्वेरेव के खिलाफ लगातार नौ मैच जीते हैं, जिनमें 2025 ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल भी शामिल है।
लेकिन सिनर ने माना कि इस बार मुकाबला आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ज्वेरेव ने हाल ही में फ्रेंच ओपन जीतकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया है, जिससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
सिनर ने कहा, “अतीत में हमारे बीच जो भी हुआ, वह अब बीत चुका है। ज्वेरेव ने पेरिस में ग्रैंड स्लैम जीतकर खुद को साबित किया है और यहां भी शानदार टेनिस खेल रहे हैं। मैं उनके खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित हूं, लेकिन यह मुकाबला बेहद कठिन होगा और हमारे पिछले मैचों से बिल्कुल अलग होगा।”
