टेलर स्विफ्ट ने शादी के लिए चुकाए 1.6 लाख डॉलर से ज्यादा, न्यूयॉर्क मेयर ने किया खुलासा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दुनिया की मशहूर पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट और एनएफएल स्टार ट्रैविस केल्सी की भव्य शादी एक बार फिर सुर्खियों में है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने खुलासा किया है कि इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए टेलर स्विफ्ट ने शहर को 1,60,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.3 करोड़ रुपये) से अधिक की परमिट फीस और आयोजन से जुड़े खर्च का भुगतान किया था।
मेयर ममदानी से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या इस शादी के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर हुए ओवरटाइम खर्च का भुगतान भी टेलर स्विफ्ट करेंगी, तो उन्होंने जवाब दिया कि इसकी व्यवस्था पहले ही कर दी गई थी।
उन्होंने कहा, “टेलर स्विफ्ट ने इस आयोजन के लिए जारी किए गए परमिट की पूरी राशि पहले ही जमा कर दी थी। यह 1,60,000 डॉलर से अधिक थी, जिसमें कार्यक्रम और उससे जुड़े सुरक्षा इंतजामों का खर्च भी शामिल था।”
टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्सी की शादी न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में दो दिनों तक चली। इस दौरान हॉलीवुड, संगीत, खेल और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां समारोह में शामिल हुईं। मेहमानों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि आयोजन स्थल के आसपास कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया।
शादी पर करोड़ों डॉलर का खर्च
हालांकि शादी पर हुए कुल खर्च का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस शाही समारोह पर 2 से 5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 170 से 425 करोड़ रुपये) तक खर्च होने का अनुमान है। इसमें मैडिसन स्क्वायर गार्डन का किराया, सुरक्षा व्यवस्था, भव्य सजावट, फूलों की व्यवस्था, कैटरिंग और अन्य आयोजन संबंधी खर्च शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी से पहले टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्सी ने 2.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर (26 मिलियन डॉलर) विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और चैरिटी संगठनों को दान भी दिए। इस कदम की सोशल मीडिया और प्रशंसकों के बीच खूब सराहना हुई।
