कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में फिर आमने-सामने होंगे नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम, 31 जुलाई को होगा महामुकाबला

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पुरुष भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) की दुनिया की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर देखने को मिलेगी। पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने पुष्टि की है कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के बीच एक और रोमांचक मुकाबला तय हो गया है।
23 जुलाई से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में दोनों खिलाड़ी 31 जुलाई को होने वाले पुरुष जैवलिन फाइनल में आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा और इसके आधी रात के बाद तक चलने की संभावना है।
अरशद नदीम इस बार बतौर डिफेंडिंग कॉमनवेल्थ चैंपियन मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि खिताब बचाने का दबाव जरूर है, लेकिन उन्होंने इसके लिए अच्छी तैयारी की है। अरशद ने कहा, “डिफेंडिंग चैंपियन होने के कारण मुझ पर अतिरिक्त दबाव है, लेकिन मैंने अच्छी तैयारी की है। मैं फिर से प्रतियोगिता में लौटने को लेकर उत्साहित हूं और ग्लासगो में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखना चाहता हूं।”
यह दोनों खिलाड़ियों की 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद पहली भिड़ंत होगी। टोक्यो में हुए उस टूर्नामेंट में चोटों से जूझ रहे नीरज चोपड़ा आठवें और अरशद नदीम दसवें स्थान पर रहे थे।
दोनों खिलाड़ियों की सबसे यादगार टक्कर पेरिस ओलंपिक 2024 में हुई थी, जहां अरशद नदीम ने 92.97 मीटर का ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था, जबकि नीरज चोपड़ा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। यह अब तक बड़े टूर्नामेंटों में नीरज पर अरशद की सबसे बड़ी जीत मानी जाती है।
वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी अरशद नदीम ने 90.18 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। उस समय चोट के कारण नीरज चोपड़ा प्रतियोगिता से बाहर हो गए थे, जिससे दोनों के बीच मुकाबला नहीं हो सका था।
अरशद नदीम ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले वह स्विट्जरलैंड में होने वाली एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसे वह ग्लासगो से पहले अपनी अंतिम तैयारी मान रहे हैं। अब ग्लासगो में होने वाला मुकाबला बेहद खास माना जा रहा है। एक ओर नीरज चोपड़ा 2018 का कॉमनवेल्थ खिताब दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे, तो दूसरी ओर अरशद नदीम अपने स्वर्ण पदक का सफल बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
