‘अगर दोबारा किस किया तो…’ लॉक अप में राम कपूर पर भड़कीं श्रेया कालरा, लगाए गंभीर आरोप
चिरौरी न्यूज
मुंबई: रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शो के हालिया एपिसोड में कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने अभिनेता राम कपूर पर निजी सीमाओं (पर्सनल बाउंड्री) का सम्मान न करने का आरोप लगाया। उन्होंने साथी कंटेस्टेंट शिल्पा शिंदे से बातचीत के दौरान अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
दरअसल, हाल ही में हुए लीडरशिप टास्क के बाद कंटेस्टेंट्स ने वोटिंग के जरिए अपनी टीम के लीडर्स का चयन किया। सबसे ज्यादा वोट मिलने पर शिवांगी जोशी पहली टीम लीडर बनीं, जबकि दूसरे सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली आकांक्षा चमोला को दूसरी टीम लीडर चुना गया।
टास्क के बाद लॉकर रूम एरिया में शिल्पा शिंदे से बात करते हुए श्रेया कालरा ने दावा किया कि शिवांगी के टास्क के दौरान राम कपूर उनके बेहद करीब आ गए थे। श्रेया के मुताबिक, इस पर हर्षद चोपड़ा ने राम कपूर से थोड़ा दूर रहने के लिए कहा, जिसके बाद उन्होंने माफी मांगी। हालांकि, श्रेया ने कहा कि उन्हें यह व्यवहार बिल्कुल पसंद नहीं आया और उनका आरोप था कि बात करते समय राम कपूर थूक भी उछालते हैं।
श्रेया ने आगे कहा कि हर किसी को अपनी पर्सनल बाउंड्री का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम कपूर ने उन्हें असहज महसूस कराया। श्रेया ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि भविष्य में उन्होंने दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश की, तो वह इसका विरोध करेंगी और साफ शब्दों में अपनी नाराजगी जताएंगी। गौरतलब है कि शो के एक पिछले एपिसोड में एक टास्क जीतने के बाद राम कपूर ने खुशी जाहिर करते हुए श्रेया कालरा के गाल पर किस किया था। उसी घटना का जिक्र करते हुए श्रेया ने अपनी असहजता व्यक्त की।
‘लॉक अप: सच या सज़ा’ इन दिनों फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं। शो में राम कपूर, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर, शिल्पा शिंदे, सूफी मोतीवाला, सुनीता आहूजा, आकांक्षा चौधरी, आकांक्षा चमोला और अन्य कंटेस्टेंट हिस्सा ले रहे हैं। फिलहाल, राम कपूर की ओर से श्रेया कालरा के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
