‘आप लोगों की तबीयत कैसी है?’ सलमान खान ने हेल्थ की अफवाहों पर मजेदार पोस्ट

चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद फैंस उनकी हेल्थ को लेकर चिंता जता रहे थे। अब अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर नई तस्वीरें साझा कर इन चर्चाओं पर अपने अंदाज में जवाब दिया है।
सलमान खान ने अपनी तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” उनके इस पोस्ट को फैंस ने उनकी सेहत को लेकर हो रही चर्चाओं पर हल्के-फुल्के अंदाज में दिया गया जवाब माना।
पोस्ट पर फैंस ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। अभिनेत्री माही विज ने कमेंट करते हुए लिखा, “toooo goooodddddd”, साथ ही हंसने वाली इमोजी भी शेयर की।
SRA कार्यक्रम के बाद शुरू हुई थीं चर्चाएं
दरअसल, हाल ही में सलमान खान मुंबई स्थित स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के एक आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अथॉरिटी के नए डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को घरों की चाबियां भी सौंपीं।
हालांकि, कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा सलमान खान के लुक की हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में कई यूजर्स ने दावा किया कि अभिनेता पहले की तुलना में काफी दुबले और थके हुए नजर आ रहे हैं। कई फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता भी जताई। किसी ने लिखा, “भगवान आपको स्वस्थ रखें,” तो किसी ने कहा, “मेरा हीरो बूढ़ा हो रहा है।” वहीं कुछ यूजर्स ने उनकी फिटनेस को लेकर सवाल भी उठाए।
‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे सलमान खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का फर्स्ट लुक साझा किया था। तस्वीर में वह दमदार फिजीक के साथ प्रकृति के बीच नजर आए थे। फिल्म का निर्माण सलमा खान के बैनर सलमान खान फिल्म्स के तहत किया जा रहा है, जबकि निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि और अंकुर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
यह फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। फिलहाल मेकर्स ने नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। सलमान खान हाल ही में फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में जीवा महाला के कैमियो रोल में नजर आए थे। अब फैंस उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
