स्काईरूट एयरोस्पेस की युवा टीम की सराहना करते हुए पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज, ‘56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उसकी युवा टीम की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कंपनी की टीम की औसत आयु सिर्फ 28 वर्ष है और यही भारत के युवाओं की क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष तंज कसते हुए कहा, “मैं 56 साल के किसी ‘युवा’ की बात नहीं कर रहा हूं।” माना जा रहा है कि उनका इशारा हाल ही में 56 वर्ष के हुए राहुल गांधी की ओर था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्काईरूट एयरोस्पेस की युवा टीम ने भारत का झंडा अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे देश में आत्मविश्वास का संचार करती है और यह संदेश देती है कि भारत के युवाओं की क्षमता और आकांक्षाएं अंतरिक्ष की तरह असीम हैं।
गौरतलब है कि विक्रम-1 रॉकेट ने अपने अंतिम चरण को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए करीब 450 किलोमीटर की कक्षा में पेलोड स्थापित किया। इसके साथ ही भारत निजी क्षेत्र द्वारा कक्षीय रॉकेट प्रक्षेपित करने की क्षमता रखने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष मानसून सत्र से पहले एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचे थे और इस बार हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस ने मिशन ‘आगमन’ के तहत देश का पहला निजी कक्षीय रॉकेट सफलतापूर्वक लॉन्च किया है।
उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हो रही है और दुनिया भारत की उपलब्धियों को स्वीकार कर रही है। यह देश के युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक संदेश है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष का मानसून और संसद का मानसून सत्र दोनों देश के लिए लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि जैसे अच्छी बारिश देश के लिए समृद्धि लाती है, वैसे ही संसद का सफल संचालन भी राष्ट्रहित और जनकल्याण के लिए आवश्यक है।
