संसद मार्च से पहले CJP कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज

Clash and lathi-charge between CJP activists and police ahead of Parliament march.
(Screengrab/X Video)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

सीजेपी कार्यकर्ता NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोपों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संसद की ओर मार्च निकाल रहे थे। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे थे।

पुलिस ने नहीं दी थी अनुमति

दिल्ली पुलिस ने रविवार को ही इस मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। साथ ही राजधानी में बड़े स्तर पर लोगों के जुटने पर भी रोक लगा दी गई थी।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा, “जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर पूर्व अनुमति के अलावा किसी भी स्थान पर विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन या पांच या उससे अधिक लोगों की सभा पूरी तरह प्रतिबंधित है।” पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीजेपी कार्यकर्ता लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर NEET में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों को लेकर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ‘चलो संसद’ मार्च का आह्वान किया था। हालांकि, पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी मार्च के लिए आगे बढ़े, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

फिलहाल इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *