सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ का दूसरा प्रोमो किया रिलीज, इस बार घरवालों को मिलेगा ‘वरदान’

चिरौरी न्यूज
मुंबई: अभिनेता से होस्ट बने सलमान खान एक बार फिर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ की मेजबानी करते नजर आएंगे। शो के निर्माताओं ने दूसरा प्रोमो जारी कर दिया है, जिसमें इस सीजन की थीम की एक दिलचस्प झलक दिखाई गई है। नए प्रोमो में सलमान खान घरवालों को मिलने वाले एक खास “वरदान” का संकेत देते नजर आते हैं।
जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शो का नया टीजर साझा किया है। प्रोमो में सलमान खान काले रंग की स्लीवलेस जैकेट और मैचिंग ट्राउजर में नजर आ रहे हैं। वह दर्शकों के बीच खड़े दिखाई देते हैं और कहते हैं, “इस बार बिग बॉस में सभी घरवालों को मिलेगा एक वरदान। तथास्तु मेरी जान।”
प्रोमो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “What’s the boon? Take a guess, sweetheart.. #BiggBoss Starts 6th September on #JioHotstar and @colorstv.” यानी दर्शकों से पूछा गया है कि आखिर यह ‘वरदान’ क्या होगा। साथ ही जानकारी दी गई है कि ‘बिग बॉस 20’ का प्रसारण 6 सितंबर से जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर शुरू होगा।
इससे पहले जारी किए गए पहले टीजर में सलमान खान की होस्ट के रूप में वापसी की झलक दिखाई गई थी। उस प्रोमो में सलमान खान घोड़े के साथ दमदार अंदाज में एंट्री करते हैं और अपनी वर्ष 1995 की सुपरहिट फिल्म ‘करण अर्जुन’ का जिक्र करते हुए कहते हैं, “जो करण अर्जुन में हुआ था, वो होगा अब बिग बॉस में… तथास्तु!” इस संवाद ने शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
शो के बारे में सलमान खान ने कहा कि हर सीजन में बिग बॉस नए खेल, नए समीकरण और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आता है, लेकिन इस बार सीजन 20 के केंद्र में एक ऐसा रहस्य है, जो इसे पहले के सभी सीजन से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि इस रहस्य का पहला संकेत टीजर में पहले ही दिया जा चुका है और दर्शकों को इसे ध्यान से देखकर सुराग तलाशने होंगे।
सलमान ने कहा, “पहला संकेत पहले ही सामने आ चुका है, बस आपको उसे दोबारा ध्यान से देखना होगा। यह टीजर सिर्फ शुरुआत है और मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि जब बिग बॉस हिंदी सीजन 20 शुरू होगा तो दर्शक इन सुरागों को जोड़ना शुरू करेंगे।”
गौरतलब है कि ‘बिग बॉस’ के पिछले सीजन के विजेता अभिनेता गौरव खन्ना बने थे, जबकि अभिनेत्री फरहाना भट्ट प्रथम रनर-अप रही थीं। हालांकि, ‘बिग बॉस 20’ में हिस्सा लेने वाले प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची अभी तक जारी नहीं की गई है।
