लाइफस्टाइल

सलमान खान पर सुनील पाल का तीखा हमला, बिग बॉस को बताया ‘गटर शो’

Sunil Pal launches a scathing attack on Salman Khan, calls Bigg Boss a 'gutter show'चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: कॉमेडियन सुनील पाल ने अभिनेता सलमान खान के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया ट्रोलिंग और सेलिब्रिटीज को निशाना बनाए जाने को लेकर सलमान खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने कहा कि सितारों को स्टार बनाने वाली जनता ही है। उन्होंने सलमान खान के साथ-साथ शाहरुख खान को भी फिल्मों और दर्शकों के बदलते रुख से सीख लेने की सलाह दी।

एक कार्यक्रम में पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने कहा, “हमने सलमान खान को बनाया है, सलमान खान ने हमें नहीं बनाया।” उन्होंने कहा कि सलमान आज जिस मुकाम पर हैं, उसके पीछे देश की जनता और दर्शकों का योगदान है, जिन्होंने उनकी फिल्मों को देखा और उन्हें स्टार बनाया।

सुनील पाल ने आगे फिल्मों के बजट और बॉक्स ऑफिस कमाई का उदाहरण देते हुए कहा कि कम बजट में बनी फिल्में भी बड़ी कमाई कर सकती हैं, जबकि बड़े बजट की फिल्मों को दर्शकों से वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा। उन्होंने सलमान खान और शाहरुख खान से इसे एक सबक के तौर पर लेने की बात कही।

‘बिग बॉस’ को बताया ‘गटर शो’

सुनील पाल ने सलमान खान के टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ की मेजबानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने शो को बंद करने की बात कहते हुए इसे “गटर शो” बताया। सुनील के मुताबिक, इस तरह के कार्यक्रम कुछ ऐसे लोगों को भी लोकप्रियता दिलाते हैं, जिन्हें वह देश के लिए नुकसानदेह मानते हैं।

ट्रोलिंग पर सलमान खान ने कही थी बात

सुनील पाल की यह प्रतिक्रिया सलमान खान के ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार एपिसोड में ट्रोलिंग को लेकर दिए गए बयान के बाद सामने आई है। सलमान ने ऑनलाइन उन्हें ‘बूढ़ा’ कहे जाने और उनके लुक को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी थी।

इसी दौरान सलमान खान ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ का भी बचाव किया था। कैटरीना के प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर सलमान ने कहा था कि प्रेग्नेंसी के बाद वजन बढ़ना सामान्य है और फिल्मों में वापसी के बाद वह फिर से फिट हो जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं।

सलमान ने शो के दौरान अपने लुक को लेकर हो रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्ट भी उतारी और उन लोगों की आलोचना की जो दूसरों को नीचा दिखाकर पैसे कमाते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को “पैरासाइट्स” यानी दूसरों पर निर्भर रहने वाले लोगों के तौर पर संबोधित किया।

सलमान ने पैपराजी द्वारा महिला कलाकारों की असहज तस्वीरें लिए जाने के मुद्दे पर भी बात की और उन सेलिब्रिटीज का बचाव किया जो राजनीतिक मामलों पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी नहीं करना चाहते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *