अभिनेता मुश्ताक खान का निधन, 56 साल की उम्र में कैंसर से हारी जंग
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों में सपोर्टिंग किरदार निभाकर अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता मुश्ताक खान का निधन हो गया है। वह 56 वर्ष के थे। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे मुश्ताक खान का इलाज मुंबई के नानावटी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुश्ताक खान का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। उनके निधन की खबर से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में जन्मे मुश्ताक खान ने फिल्मों और टेलीविजन में लंबे समय तक काम किया। अपने सहज अभिनय और अलग अंदाज के चलते वह दर्शकों के बीच एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे।
उन्हें खास तौर पर साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम’ में निभाए गए दिव्यांग हॉकी खिलाड़ी के किरदार के लिए याद किया जाता है। फिल्म में उनके छोटे लेकिन प्रभावी किरदार ने दर्शकों का ध्यान खींचा था।
मुश्ताक खान ने अपने करियर में कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया। इनमें ‘आशिकी’ (1990), ‘हम हैं राही प्यार के’ (1993), ‘हेरा फेरी’ (2000), ‘जोड़ी नंबर 1’ (2001), ‘मुझसे शादी करोगी’ (2004), ‘खिलाड़ी 786’ (2012), ‘स्त्री’ (2018), ‘बधाई दो’ (2022), ‘गदर 2’ (2023), ‘स्त्री 2’ (2024) और ‘बेबी जॉन’ (2024) जैसी फिल्में शामिल हैं।
नवंबर 2024 में मुश्ताक खान उस समय भी सुर्खियों में आए थे, जब दिल्ली-मेरठ हाईवे पर यात्रा के दौरान उनके कथित अपहरण की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें एक अवॉर्ड समारोह में शामिल होने के बहाने मेरठ बुलाया गया था। आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें जबरन बिजनौर के पास एक सुनसान जगह पर ले जाया गया और बंधक बना लिया गया।
उस समय उनके बिजनेस पार्टनर शिवम यादव ने दावा किया था कि मुश्ताक खान को कई घंटों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया और कथित तौर पर अपहरणकर्ताओं ने उनसे 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बताया गया था कि सुबह अजान की आवाज सुनाई देने के बाद मुश्ताक खान वहां से भागने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से मदद मांगी और घटना की जानकारी दी।
फिल्मों में अपने छोटे लेकिन यादगार किरदारों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले मुश्ताक खान का निधन हिंदी सिनेमा के लिए एक दुखद क्षति है।
