वांगचुक के उपवास के दौरान कचौड़ी और नूडल्स खाने पर अभिजीत दिपके की सफाई
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को 10वें दिन में प्रवेश कर गई। हालांकि, इस दौरान विरोध-प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा कुछ समय के लिए पीछे छूट गया और सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके के भोजन करते हुए वायरल हुए वीडियो चर्चा का विषय बन गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो में दिपके को ब्रेड पकौड़ा, नूडल्स और कचौड़ी खाते हुए देखा गया। इनमें से एक वीडियो में वे मंच पर सोनम वांगचुक के ठीक बगल में बैठे दिखाई देते हैं, जबकि वांगचुक अनिश्चितकालीन उपवास पर थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और टिप्पणियों की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि जब आंदोलन का नेतृत्व CJP कर रही है, तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल केवल सोनम वांगचुक ही क्यों कर रहे हैं।
बढ़ती आलोचनाओं के बीच अभिजीत दिपके ने ‘दिल्ली तक’ से बातचीत में अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वायरल किए जा रहे वीडियो को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया जा रहा है और इससे आंदोलन के वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
दिपके ने कहा, “मुझे लगता है कि यह असली मुद्दे से ध्यान हटाने की एक बचकानी कोशिश है। जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, वह सोनम सर की भूख हड़ताल शुरू होने से पहले का है। उसे काटकर और बिना संदर्भ के साझा किया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक आंदोलन शुरू होने के लगभग आठ-दस दिन बाद जंतर-मंतर पहुंचे थे। उस समय वे एक क्लाइमेट समिट में भाग लेने के लिए यूरोप गए हुए थे। दिपके के अनुसार, वायरल वीडियो उसी अवधि का है, जब वांगचुक ने अभी अनिश्चितकालीन उपवास शुरू नहीं किया था।
