आध्यात्मिक यात्रा पर अभिनेत्री निम्रत कौर, सोमनाथ, नागेश्वर और द्वारकाधीश मंदिर में आशीर्वाद लिया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेत्री निम्रत कौर इन दिनों अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों, सोमनाथ मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर, के दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
निम्रत कौर ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में वह मंदिरों की भव्य वास्तुकला के सामने बेहद सादगी और श्रद्धा के साथ पोज़ देती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों में गुजरात के इन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की दिव्यता और सांस्कृतिक भव्यता साफ झलकती है।
अपनी पोस्ट के कैप्शन में अभिनेत्री ने गहरी आस्था व्यक्त करते हुए लिखा, “दिव्य आशीर्वाद और अनंत आभार। श्री सोमनाथ नमः, श्री नागेश्वराय नमः, श्री द्वारकाधीशाय नमः। हर हर महादेव। कृष्णार्पणमस्तु। ॐ श्री ओंकारेश्वराय नमः। ॐ श्री नागेश्वराय नमः। जय द्वारकाधीशाय नमः।”
सोमनाथ मंदिर हिंदू धर्म के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में गिना जाता है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला ज्योतिर्लिंग माना जाता है और सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।
View this post on Instagram
वहीं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर भी भगवान शिव को समर्पित एक अत्यंत प्राचीन और पौराणिक मंदिर है। शिव पुराण में इसका विशेष उल्लेख मिलता है और इसे भी 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल किया जाता है।
इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है और हिंदू धर्म के प्रसिद्ध ‘चार धाम’ तीर्थों में से एक माना जाता है। 72 खंभों पर टिका यह भव्य पाँच मंज़िला मंदिर ‘जगत मंदिर’ या ‘निज मंदिर’ के नाम से भी जाना जाता है। इसकी अद्भुत स्थापत्य कला और धार्मिक महत्ता दुनिया भर से श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले भी निम्रत कौर अपनी आध्यात्मिक यात्राओं को लेकर चर्चा में रही हैं। पिछले महीने हनुमान जयंती के अवसर पर उन्होंने काशी से अपनी कई तस्वीरें साझा की थीं। उन तस्वीरों में घाटों, मंदिरों और अखाड़ों की झलक देखने को मिली थी, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो 44 वर्षीय निम्रत कौर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2012 में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन में बनी फिल्म पेडलर्स से की थी। इसके बाद उन्हें इरफ़ान खान के साथ समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्म द लंचबॉक्स में देखा गया, जिसने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई।
निम्रत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने अमेरिकी टीवी सीरीज़ होमलैंड के चौथे सीज़न में आईएसआई एजेंट की भूमिका निभाई। इसके बाद अक्षय कुमार के साथ फिल्म एयरलिफ्ट में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें बड़ी लोकप्रियता मिली।
इसके अलावा वह अमेरिकी सीरीज़ वेवर्ड पाइन्स में भी नजर आ चुकी हैं।
हाल ही में निम्रत कौर फिल्म कालीधर लापता में दिखाई दीं। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब और बाल कलाकार दैविक भगेला भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं ओटीटी की दुनिया में निम्रत हाल ही में राज और डीके द्वारा निर्मित जासूसी थ्रिलर सीरीज़ द फ़ैमिली मैन के तीसरे सीज़न में नजर आईं, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।
