प्रश्न पत्र लीक के बाद NEET 2026 परीक्षा रद्द, नई तारीखों पर दोबारा आयोजित किया जाएगा

NEET 2026 Exam Cancelled Following Paper Leak; Will Be Reconducted on New Dates
(File Pic: X)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों को बड़ा झटका देते हुए NEET UG 2026 को रद्द करने की घोषणा कर दी है। एजेंसी ने बताया कि भारत सरकार की मंज़ूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है और अब इसे नई तारीखों पर दोबारा आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष NEET UG 2026 के लिए लगभग 22.79 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,432 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी के कारण NEET UG को दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में गिना जाता है।

एनटीए की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में प्राप्त इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जांच रिपोर्टों के आधार पर लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंताएँ सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने जांच की जिम्मेदारी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंप दी है। सीबीआई अब कथित अनियमितताओं और आरोपों की विस्तृत जांच करेगी।

इससे पहले एनटीए ने 6 मई 2026 को NEET UG की प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी। वहीं परीक्षा के संचालन को लेकर एजेंसी ने दावा किया था कि केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 6,000 से अधिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दो लाख से ज्यादा कर्मचारियों को लगाया गया था।

हालांकि अब परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और उनके परिवारों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। एनटीए ने स्वीकार किया कि दोबारा परीक्षा कराने से उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को भारी असुविधा होगी, लेकिन एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा बनाए रखना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।

एनटीए ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी अपने बयान में कहा, “एजेंसी इस बात से पूरी तरह अवगत है कि दोबारा परीक्षा आयोजित करने से उम्मीदवारों और उनके परिवारों को वास्तविक और गंभीर असुविधा होगी। हम इस निर्णय को हल्के में नहीं ले रहे हैं। लेकिन यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली पर भरोसे को कहीं अधिक और लंबे समय तक नुकसान पहुँचता।”

एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा की नई तारीखें, एडमिट कार्ड जारी करने का कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ जल्द ही उसके आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएंगी।

NEET UG 2026 को रद्द किए जाने के इस फैसले ने देशभर में शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें सीबीआई जांच और एनटीए द्वारा घोषित होने वाले नए परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *