रमेश तौरानी के सुलह के दावों के बीच वाशु भगनानी ने कहा, ‘अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: फिल्ममेकर वाशु भगनानी ने निर्माता रमेश तौरानी के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि फिल्म है जवानी तो इश्क होना है को लेकर चल रहा विवाद सुलझ चुका है। हाल ही में जारी अपने बयान में वाशु भगनानी ने साफ कहा कि अब तक उनके साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं हुआ है और मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा, “आज तक मेरे साथ कुछ भी सुलझा नहीं है। कैमरों के सामने ‘सब ठीक हो गया’ कह देने से सच्चाई नहीं बदल जाती। मामला अभी कोर्ट में है और सच वहीं सामने आएगा, किसी और के हाथ में माइक देकर नहीं। जब मामला अदालत में लंबित है, तब इस तरह के सार्वजनिक दावे करना खुद कोर्ट की अवमानना है।”
वाशु भगनानी ने आगे कहा कि उन्होंने इतने सालों तक रिश्तों की इज्जत करते हुए चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब वह अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे।
उन्होंने कहा, “कैमरों के सामने इसे ‘सुलझा हुआ’ कहा जा सकता है, लेकिन मेरे साथ कुछ भी हल नहीं हुआ है — न कानूनी तौर पर, न नैतिक रूप से और न ही भावनात्मक रूप से। मैंने रिश्तों की खातिर वर्षों तक चुप्पी बनाए रखी। अब मैं अपने अधिकारों, अपनी फिल्मों और हर उस निर्माता के लिए बोलूंगा जिसे हल्के में लिया गया।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले वाशु भगनानी ने टिप्स इंडस्ट्रीज़ और उससे जुड़े पक्षों के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी फिल्मों, खासकर बीवी नं.1 से जुड़ी बौद्धिक संपदा (आईपी) का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया।
इस कानूनी विवाद के बाद वाशु भगनानी कई बार मीडिया के सामने अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने 23 मई को एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मामला पैसों का नहीं, बल्कि नैतिकता और अधिकारों का है।
वहीं, फिल्म है जवानी तो इश्क होना है के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान जब इस विवाद पर रमेश तौरानी से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा,
“कोई समस्या नहीं है। हमारे बीच जो भी मुद्दे थे, वे सुलझ चुके हैं। आगे भी जो कुछ होगा, वह भी सुलझ जाएगा। मामला सब-ज्यूडिस है और हम इसे संभाल रहे हैं।”
