असीम रियाज ने रुबीना दिलैक और हिना खान को कहा ‘आंटी’ और इंडस्ट्री की ‘पपेट’

Asim Riaz called Rubina Dilaik and Hina Khan ‘aunties’ and ‘puppets’ of the industry.चिरौरी न्यूज

मुंबई: रियलिटी शो स्टार असीम रियाज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अभिनेत्री रुबीना दिलैक और हिना खान पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, दोनों अभिनेत्रियों ने अपने पॉडकास्ट The4POV में असीम के रियलिटी शो से जुड़े विवादों और उनकी ‘TRP वैल्यू’ पर चर्चा की थी।

असीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए रुबीना और हिना समेत टीवी इंडस्ट्री के लोगों पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने एक और पॉडकास्ट क्लिप देखी, जिसमें टीवी इंडस्ट्री के ‘आंटी-अंकल’ इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि वह जिस भी रियलिटी शो में जाते हैं, उसकी TRP बढ़ जाती है।

असीम ने आगे कहा कि इसका जवाब है- “हां, मैं ऐसा करता हूं।” इसके बाद उन्होंने दोनों अभिनेत्रियों पर तंज कसते हुए उनके करियर के लिए शुभकामनाएं दीं और लिखा कि वे अपने किरदार निभाती रहें और इंडस्ट्री में ‘पपेट’ बनी रहें।

पॉडकास्ट में क्या बोली थीं रुबीना और हिना?

The4POV के एक एपिसोड में रुबीना दिलैक और हिना खान अपने-अपने पति अभिनव शुक्ला और रॉकी जायसवाल के साथ रियलिटी शो की पब्लिसिटी, विवादों और कंटेस्टेंट्स की भूमिका पर चर्चा कर रही थीं। बातचीत के दौरान असीम रियाज के उन पुराने दावों का भी जिक्र हुआ, जिनमें उन्होंने रियलिटी शो की सफलता और TRP में अपनी भूमिका की बात की थी।

हिना खान ने असीम के एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने Bigg Boss, Khatron Ke Khiladi और Battleground जैसे शोज में अपनी मौजूदगी के प्रभाव के बारे में बात की थी। हिना के मुताबिक, असीम की बातों से ऐसा लगा कि वह इन शोज की लोकप्रियता का श्रेय अपनी मौजूदगी को दे रहे थे।

रुबीना ने असीम को बताया ‘न्यूजेंस वैल्यू’

रुबीना दिलैक ने असीम के साथ Battleground और Khatron Ke Khiladi में काम करने के अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने शो की क्रिएटिव टीम और क्रू के साथ असीम के कथित व्यवहार पर सवाल उठाया और इसे ‘अनादरपूर्ण’ बताया।

रुबीना ने असीम के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि रियलिटी शो की TRP उनके कारण आती है। उन्होंने असीम को “न्यूजेंस वैल्यू” बताया और पर्दे के पीछे उनके कथित व्यवहार को लेकर भी आलोचना की।

असीम रियाज इससे पहले Khatron Ke Khiladi 14 को लेकर भी विवादों में रहे थे। एक स्टंट पूरा नहीं कर पाने के बाद होस्ट रोहित शेट्टी और अन्य कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी तीखी बहस हुई थी। इसके बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था।अब रुबीना और हिना की टिप्पणियों के बाद असीम की प्रतिक्रिया ने रियलिटी टीवी को लेकर  एक बार फिर बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के प्रशंसक इस विवाद पर अपनी-अपनी राय जाहिर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *