बालिका वधू फेम अविका गौर ने की शादी की घोषणा, मिलिंद चंदवानी संग बंधेंगी शादी के बंधन में

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री और ‘बालिका वधू’ सीरियल की अनंदी के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली अविका गौर ने आखिरकार अपनी शादी की घोषणा कर दी है।
अविका ने यह खास ऐलान कलर्स चैनल के नए रियलिटी शो “पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रिएलिटी चेक” के ग्रैंड प्रीमियर के दौरान किया। शो के पहले ही एपिसोड में अविका ने भावुक होते हुए बताया कि वह अपने लंबे समय से पार्टनर मिलिंद चंदवानी से शादी करने जा रही हैं।
बड़ी घोषणा करते हुए अविका ने कहा, “जिस जगह से मेरी यात्रा शुरू हुई, वहीं लौटकर यह खुशी साझा करना मेरे लिए बेहद खास है। ‘बालिका वधू’ ने मुझे और देश के लाखों दर्शकों को यह सिखाया कि अपने जीवन की दिशा बदलने का हौसला क्या होता है। आज मैं अनंदी नहीं, बल्कि अविका गौर बनकर वापस आई हूं — एक ऐसी महिला जो अब जीवनभर का चुनाव करने जा रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मंगेतर मिलिंद न सिर्फ मेरा साथी है, बल्कि वह मेरा सबसे बड़ा सहयोगी और एक ऐसा सपने देखने वाला इंसान है, जो मुझे मेरी हर भूमिका से परे देखता है। जब उसने मुझसे जिंदगी भर का साथ मांगा, तो मेरा ‘हां’ कहना सबसे आसान फैसला था। हम दोनों अपूर्ण लोग हैं, लेकिन साथ में एक पूर्ण जीवन गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।”
अविका ने यह भी कहा कि शो ‘पति पत्नी और पंगा’ पर अपनी शादी की घोषणा करना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद प्रतीकात्मक और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा, “मैंने इस चैनल के दर्शकों के सामने ही बड़ा होते देखा है, और अब मैं चाहती हूं कि अपनी जिंदगी के इस सबसे बड़े फैसले को भी उनके साथ साझा करूं। जो लोग मुझे ‘बालिका वधू’ के रूप में जानते थे, उनसे अब मैं एक असली ‘वधू’ के रूप में आशीर्वाद मांगती हूं।”
बता दें कि पिछले महीने अविका और मिलिंद की सगाई एक निजी समारोह में हुई थी, जिसकी तस्वीरें दोनों ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
अविका और मिलिंद पिछले पांच वर्षों से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं। नवंबर 2020 में अविका ने पहली बार मिलिंद को अपने फैंस से सार्वजनिक तौर पर मिलवाया था।
गौरतलब है कि अविका गौर और मिलिंद चंदवानी की शादी की यह खबर फैंस के लिए किसी सरप्राइज़ से कम नहीं है। वहीं, कलर्स का नया शो “पति पत्नी और पंगा… जोड़ियों का रिएलिटी चेक” 2 अगस्त से प्रसारित होने जा रहा है।
