काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियों की बीएचयू कुलपति ने की समीक्षा, 21 नवंबर से शुरू होगा प्री-इवेंट
चिरौरी न्यूज
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में काशी तमिल संगमम 5.0 के प्री-इवेंट और मुख्य आयोजन की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतिनिधियों के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम बीएचयू के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय को देश के सामने अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक क्षमताओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों के लिए ऐसे कार्यक्रम तैयार किए जाने चाहिए, जिनमें वे वास्तविक रुचि लें और सक्रिय रूप से भागीदारी करें। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, आयोजकों और समन्वयकों को टीम भावना के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम के समन्वयक श्री अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि काशी तमिल संगमम 5.0 के मुख्य आयोजन से पहले 21 नवंबर से प्री-इवेंट आयोजित किया जाना प्रस्तावित हैं। इनका उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निकलकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक आयोजन की पहुंच बनाना तथा युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इससे जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित गतिविधियों में ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ प्रमुख है। इसके तहत बीएचयू समुदाय और शहर के नागरिकों को जोड़ते हुए फिटनेस, एकता और सांस्कृतिक सहभागिता का संदेश देने के लिए सार्वजनिक दौड़ आयोजित करने की योजना है। इसका संभावित मार्ग बीएचयू परिसर से शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल तक रखा जा सकता है।
इसके अलावा ‘केटीएस यूथ क्विज’ के माध्यम से युवाओं को काशी, तमिलनाडु, भारतीय ज्ञान परंपरा, साहित्य, कला, विज्ञान और विरासत से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी परखने का अवसर मिलेगा। वहीं, कैंपस के प्रमुख और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर संगीत, नृत्य, कविता और फ्लैश मॉब जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आयोजन का भी प्रस्ताव है। इन गतिविधियों के जरिए परिसर में उत्सव का माहौल बनाने के साथ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने की योजना है।
बैठक में काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत तिरुक्कुरल के अध्ययन से जुड़ी एक विशेष राष्ट्रीय पहल पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों के 1,000 कॉलेजों से चयन परीक्षा के माध्यम से एक-एक विद्यार्थी चुना जाएगा। इस प्रकार कुल 1,000 विद्यार्थी तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक महीने की इंटर्नशिप के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इस पहल के तहत विद्यार्थी अपनी पसंद की भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और उसमें निहित नैतिक एवं जीवन मूल्यों पर शोध पत्र तैयार कर अपने कॉलेज के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल (सीआईसीटी) की ओर से एक घंटे का ऑनलाइन ओरिएंटेशन और 20 मिनट का प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों को उनकी चुनी हुई भाषा के आधार पर लगभग 50-50 के समूह में करीब 20 बैचों में विभाजित किया जाएगा।
प्रत्येक विद्यार्थी अपने कॉलेज में मार्गदर्शक शिक्षक के निर्देशन में एक घंटे की प्रस्तुति देगा। साथ ही तिरुक्कुरल के कम से कम 10 महत्वपूर्ण दोहों (कुरलों) को तमिल और उनके अनुवाद के साथ सीखने तथा दूसरों को सिखाने का प्रयास करेगा। इस कार्यक्रम के लिए अध्ययन सामग्री सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि काशी तमिल संगमम 5.0 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, साहित्य, संस्कृति, युवा सहभागिता और भारतीय परंपराओं के आदान-प्रदान का व्यापक मंच बने। इसके लिए प्री-इवेंट गतिविधियों से लेकर मुख्य आयोजन तक सभी तैयारियों को समन्वित तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
