‘द प्राइड ऑफ़ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ में भूमि पेडनेकर की एंट्री

Bhumi Pednekar's entry in 'The Pride of Bharat: Chhatrapati Shivaji Maharaj'चिरौरी न्यूज

मुंबई: अभिनेत्री भूमि पेडनेकर बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘द प्राइड ऑफ़ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ की स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं। दो भागों में बनने वाली इस भव्य पीरियड ड्रामा फिल्म में ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि भूमि पेडनेकर इतिहास की वीर योद्धा रानी बेलावाडी मल्लम्मा के किरदार में नजर आएंगी।

सोमवार को निर्माताओं ने भूमि पेडनेकर के फिल्म से जुड़ने की आधिकारिक घोषणा की। मेकर्स के अनुसार, बेलावाडी मल्लम्मा भारतीय इतिहास की उन महान महिला योद्धाओं में से एक थीं, जिन्हें उनकी अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और आक्रमणकारी सेनाओं का डटकर मुकाबला करने के लिए जाना जाता है। उनका किरदार फिल्म की कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।

ऋषभ शेट्टी बनेंगे छत्रपति शिवाजी महाराज

फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह कर रहे हैं। इसमें ऋषभ शेट्टी महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाएंगे। फिल्म में अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, उनके किरदारों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी को सौंपी गई है, जबकि गीत प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी लिखेंगे। फिल्म की पटकथा ऋषि विरमानी ने तैयार की है।

दो हिस्सों में बनने वाली इस महत्वाकांक्षी फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत में शुरू होने की संभावना है। फिलहाल मेकर्स बड़े स्तर पर प्री-प्रोडक्शन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। फिल्म को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, नेतृत्व और विरासत पर आधारित अब तक की सबसे भव्य सिनेमाई प्रस्तुतियों में से एक माना जा रहा है।

निर्माताओं का उद्देश्य मराठा साम्राज्य के महान योद्धा और दूरदर्शी शासक की प्रेरणादायक गाथा को भव्य पैमाने पर दर्शकों के सामने प्रस्तुत करना है।

‘द प्राइड ऑफ़ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ के अलावा ऋषभ शेट्टी जल्द ही पौराणिक फिल्म ‘जय हनुमान’ में भी दिखाई देंगे। प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की घोषणा इसी वर्ष फरवरी में की गई थी और इसे लेकर भी दर्शकों के बीच खासा उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *