पवन कल्याण के 55वें जन्मदिन पर चिरंजीवी ने दी खास बधाई, ‘लोगों की तकलीफों को अपना समझते हैं’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने बुधवार को अपना 55वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उनके बड़े भाई और मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक संदेश के साथ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
चिरंजीवी ने पवन कल्याण के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए उनके बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि पवन बचपन से ही सपने देखने वाले, जिम्मेदारियों को समझने वाले और लोगों का भला करने की भावना रखने वाले व्यक्ति रहे हैं। चिरंजीवी ने उनके समर्पण और मजबूत मूल्यों की भी सराहना की।
उन्होंने लिखा कि पवन जिस भी काम को हाथ में लेते हैं, उसमें पूरी तरह डूब जाते हैं और लोगों की भलाई के लिए जुनून के साथ काम करते हैं। चिरंजीवी के मुताबिक, परिवार के प्रति पवन का जो प्रेम और अपनापन है, वही भावना उन लोगों के प्रति भी दिखाई देती है, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया है।
चिरंजीवी ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर पवन कल्याण के काम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पवन गांवों के विकास, आदिवासी क्षेत्रों के उत्थान, पर्यावरण संरक्षण और लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पवन ने शासन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में पवन का प्रयास और दूरदराज के इलाकों तक विकास पहुंचाने की उनकी कोशिश उन्हें खुशी और गर्व से भर देती है। चिरंजीवी ने कहा कि पिथापुरम की जनता ने पवन को चुना है और वह उनके लिए केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह मजबूती से खड़े हैं।
अपने संदेश के अंत में चिरंजीवी ने पवन कल्याण के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सार्वजनिक जीवन में निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने अपने कुलदेवता भगवान अंजनेय स्वामी से प्रार्थना की कि पवन को लोगों की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा और शक्ति मिले।
चिरंजीवी ने कहा कि पवन लोगों की परेशानियों को अपनी परेशानी की तरह महसूस करते हैं और भविष्य में ऐसा नेता बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिसे सभी तेलुगु लोग सम्मान और प्रेम दें। उन्होंने पवन के 100 वर्ष तक स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन की कामना करते हुए उन्हें दिल से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
