कोरियोग्राफर, डायरेक्टर रेमो डिसूजा को आया हार्टअटैक, फैंस ने मांगी दुआएं

शिवानी रज़वारिया

मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा को कल दोपहर दिल का दौरा पड़ने के बाद कोकिलाबेन अस्पताल मुंबई में भर्ती कराया गया जहाँ उनकी एंजियोप्लास्टिक सर्जरी की गयी। रेमो डिसूजा की हालत शुक्रवार दोपहर में खराब हुई थी। फिलहाल, उनके हार्ट से ब्लॉकेज हटा दिया गया है और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब भी स्थिर है।

रेमो डिसूजा के अचानक हार्ट अटैक की खबर आते ही उनके फैंस के बीच खलबली मच गई। उनके फैंस उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर जैसे ही यह खबर मिली उनके फैंस के संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया। एक तरफ लोग इस खबर से हैरान दिखाई दिए तो वहीं रेमो के जल्दी ठीक होने की दुआ करते हुए नज़र आए। ट्विटर पर भी #RemoD’Souza Trend चलने लगा।

रेमो डिसूजा के हार्ट अटैक की खबर की जानकारी जाने माने कोरियोग्राफर अहमद खान ने मीडिया को दी। कोरियोग्राफर अहमद खान के साथ रेमो डिसूजा का काफी पुराना संबंध रहा है। कई साल दोनों ने साथ में काम किया है। रेमो डिसूजा ने अहमद खान को कई साल तक असिस्ट भी किया है। साल 1995 में रेमो डिसूजा ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत की थी। बतौर कोरियोग्राफर कई बड़ी-बड़ी फिल्मों में काम किया है। निर्देशन के क्षेत्र में भी कई फिल्मों को पर्दे पर उतारा है। उन्होंने फ्लाइंग जट, रेस 3, फालतू, एबीसीडी, एबीसीडी 2 और स्ट्रीट डांसर जैसी फिल्मों को डायरेक्ट किया है।

रेमो कई बेहतरीन फिल्मों जैसे तहजीब, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, ये जवानी है दीवानी, एबीसीडी 2, बाजीराव मस्तानी और कलंक में डांस कोरियोग्राफ कर चुके हैं। साथ ही इन फिल्मों में उनके काम के लिए उन्हें अवॉर्ड्स से सम्मानित भी किया गया है। रिएलिटी शोज में भी रेमो डिसूजा ने बतौर जज काम किया है। डांस इंडिया डांस के कई सीजन, इसके अलावा झलक दिखला जा, नच बलिए और डांस प्लस जैसे डांसिंग रियलिटी शो में के जज वो रह चुके हैं।

रेमो डिसूजा के रहने का अंदाज़ उनके फैंस को काफी पसंद आता है। उनकी डांसिंग,कोरियोग्राफी से उन्होंने हमेशा अपने फैंस को खुश किया है। आज रेमो डिसूजा की अचानक आई हार्टअटैक की खबर ने सबको चौका दिया है। लोग उनके जल्दी ठीक होने की कामना के रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *