दिल्ली में लगा एक हफ्ते के लिए सम्पूर्ण लॉकडाउन
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के नए मामलों के बीच आज सोमवार की रात 10 बजे से आगामी एक हफ्ते यानी 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस बात की जनकारी दी है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऐसा फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में इतना समय खराब हो जाएगा और पैसा भी खर्च होगा। सरकार आपका पूरा ख्याल रखेगी। यह निर्णय हमने मुश्किल से लिया है। इन 6 दिनों के लॉकडाउन में हम दिल्ली में बड़े स्तर पर बेड की व्यवस्था करेंगे। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने टेस्ट में कमी नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सबसे ज्यादा टेस्टिंग हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई राज्यों ने अपने आंकड़े छुपाए, टेस्ट की संख्या में हेरफेर की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब आईसीयू बेड्स लगभग खत्म हो चुके हैं। यहां के हॉस्पिटलों में दवाईयां और ऑक्सीजन की कमी होने लगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली में चौथी लहर आ चुकी है। पिछले कई दिनों से लगातार 20 हजार से ज्यादा केस आए हैं, ऐसा होने से स्वास्थ्य व्यवस्था में तनाव की स्थिति आ गई है।