गणपति पूजा में डीप-नेक ब्लाउज़ पहनने पर दिशा पाटनी हुईं ट्रोल
चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी अपने ग्लैमरस फैशन सेंस के लिए जानी जाती हैं और अक्सर अपने लुक्स को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में वह मुंबई में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल गणपति समारोह में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लाल रंग का खूबसूरत लहंगा पहना, लेकिन उनके डीप नेक ब्लाउज को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
दिशा पाटनी ने बारीक कढ़ाई वाला लाल लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने मैचिंग ब्लाउज और एक लाल दुपट्टे के साथ पेयर किया। स्टेटमेंट ईयररिंग्स, चूड़ियां और खुले बालों ने उनके फेस्टिव लुक को पूरा किया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद अभिनेत्री ने पैपराजी के सामने पोज भी दिए।
दिशा की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां कुछ यूजर्स ने उनके ट्रेडिशनल लुक और स्टाइल की तारीफ की, वहीं एक वर्ग ने धार्मिक समारोह के लिए उनके पहनावे को अनुपयुक्त बताया।
एक यूजर ने कमेंट किया कि गणपति समारोह के लिए इस तरह के आउटफिट पर ड्रेस कोड होना चाहिए। वहीं, एक अन्य यूजर ने धार्मिक आयोजन में पारंपरिक और गरिमापूर्ण पहनावे की जरूरत बताते हुए दिशा के कपड़ों की आलोचना की। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने बॉलीवुड कलाकारों पर धार्मिक त्योहारों की गरिमा का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया। कुछ टिप्पणियों में बॉलीवुड के बहिष्कार की मांग तक की गई। हालांकि, सोशल मीडिया पर आई ये प्रतिक्रियाएं यूजर्स की व्यक्तिगत राय हैं और दिशा पाटनी की ओर से इस ट्रोलिंग पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दिशा पाटनी को लेकर यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में अभिनेत्री कृति सेनन भी एक विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया आलोचना का सामना कर चुकी हैं। अगस्त 2026 में ज्वेलरी ब्रांड GIVA के एक कैंपेन में कृति सेनन आइवरी ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट में नजर आई थीं। विज्ञापन में उन्हें रक्षाबंधन मनाते हुए एक कुत्ते को राखी बांधते दिखाया गया था।
