बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के घर का आयकर विभाग ने किया ‘सर्वे’

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: अपने सामाजिक कार्यों के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के घर का आज आयकर विभाग ने सर्वे किया है। आज सुबह सुबह आयकर विभाग की टीम सोनू के घर पहुंची थी जिसकी सोशल मीडिया में खूब चर्चे हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आईटी विभाग ने सोनू सूद से जुड़े छह जगहों का सर्वे किया। हालांकि आयकर विभाग की तरफ से इसकी कोई जानकारी साझा नहीं की गयी है लेकिन सूत्रों के मुताबिक आईटी विभाग ने कोई दस्तावेज जब्त नहीं किया है।

बता दें कि आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 133ए के प्रावधानों के तहत किए जाने वाले ‘सर्वे (खातों के अवलोकन के) अभियान’ में आयकर अधिकारी केवल व्यावसायिक परिसरों और उससे जुड़े परिसरों में सर्वे करते हैं।

सोनू सूद बॉलीवुड में एक बड़ा नाम है और कोरोना के समय हुए लॉक डाउन के बाद तो वह घर घर मशहूर हो गए हैं। उन्होंने कई बेसहारों को मदद की और कई लोगों को मुंबई से घर पहुँचाने की व्यवस्था की थी।

इसके लिए सोनू सूद की खूब तारीफ भी होती रही है। उन्होंने 12 सितंबर को ही एक महिला को मदद किए जाने की जानकारी दी थी। हाल के दिनों में सोनू सूद को दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने मेंटरशीप प्रोग्राम के लिए एंबेसडर नियुक्त किया था। हालांकि न तो आयकर विभाग और नहीं सोनू सूद ने इस सर्वे के बारे में कोई जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले सोनू ने भी अभी तक कोई पोस्ट नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *