द हंड्रेड में मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी फातिमा सना से गले मिलीं जेमिमा रोड्रिग्स, वीडियो वायरल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स और पाकिस्तान की ऑलराउंडर फातिमा सना का मैच के बाद एक-दूसरे से गले मिलना चर्चा का विषय बन गया है। दोनों खिलाड़ियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, गुरुवार को सदर्न ब्रेव और बर्मिंघम फीनिक्स के बीच मुकाबला खेला गया। मैच समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इसी दौरान जेमिमा रोड्रिग्स और फातिमा सना ने भी हाथ मिलाने के बाद एक-दूसरे को गले लगाया।
हाल के समय में भारतीय महिला क्रिकेटरों ने 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की खिलाड़ियों के साथ औपचारिक मुलाकातों को लेकर सतर्क रुख अपनाया था। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों की यह तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं।
जेमिमा ने खेली शानदार पारी
मैच में सदर्न ब्रेव की ओर से खेलते हुए जेमिमा रोड्रिग्स ने 18 गेंदों पर नाबाद 28 रन की तेज पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत टीम ने निर्धारित 100 गेंदों में 140/3 का मजबूत स्कोर बनाया। ब्रेव के लिए लिजेल ली ने 43 और माया बाउशियर ने 45 रन का योगदान दिया।
बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से खेल रहीं फातिमा सना गेंदबाजी में प्रभाव नहीं छोड़ सकीं। उन्होंने 15 गेंदों में 33 रन खर्च किए, जबकि उनकी टीम की ओर से अलाना किंग और एलिस कैप्सी को एक-एक विकेट मिला।
141 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बर्मिंघम फीनिक्स की शुरुआत अच्छी रही। टैमी ब्यूमोंट और डेविना पेरिन ने पहले विकेट के लिए 73 रन जोड़े। पेरिन ने 43 गेंदों पर 52 रन, जबकि ब्यूमोंट ने 22 रन बनाए।
हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। सारा ग्लेन, लॉरेन बेल और सोफी मोलिन्यूक्स की शानदार गेंदबाजी के सामने फीनिक्स की टीम 100 गेंदों में 116/5 ही बना सकी।
एलिस पेरी 16 रन और फातिमा सना 5 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस जीत के साथ सदर्न ब्रेव ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की, जबकि बर्मिंघम फीनिक्स को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।
