ललन सिंह को मिल सकती है जेडीयू पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पार्टी अध्यक्ष आरसीपी सिंह के मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद कयास लगाया जा रहा था कि पार्टी अपने अध्यक्ष की तैयारी कर रही है। आज दिल्ली में बुलाई गयी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जेडीयू के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।
हालांकि पार्टी सूत्रों की माने तो इसमें सबसे आगे ललन सिंह का नाम चल रहा है, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा का नाम भी राजनीतिक गलियारों में है। बता दें कि बैठक शाम 4 बजे जंतर-मंतर स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में होगी। आज सुबह 11 बजे पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हो गई है और शाम 4 बजे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू होगी, लेकिन उससे पहले तीन बजे पार्टी के सभी सांसदों की बैठक होगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी नेता आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से सूबे की सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं हैं कि ललन सिंह को पार्टी की कमान सौंपी जा सकती है। इस पद के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी प्रबल उम्मीदवार बताए जा रहे हैं। खैर इन कयासों में कितनी सच्चाई है ये आज की बैठक के बाद स्पष्ट हो जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही तय करेंगे कि अगला अध्यक्ष कौन होगा। लेकिन दो नामों पर चर्चा होने की वजह से पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है।