लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार

Lionel Messi's father, Jorge Messi, passes away at 68; he had been ill for a long time.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि शनिवार, 8 अगस्त को हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्ज ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे अर्जेंटीना के रोसारियो शहर की एक क्लिनिक में अंतिम सांस ली, जहां उनका लंबे समय से चल रही बीमारी का इलाज किया जा रहा था।

मेसी के बचपन के क्लब न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर जॉर्ज मेसी के निधन की पुष्टि की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक लियोनेल मेसी और उनके परिवार की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

क्लब ने अपने बयान में जॉर्ज मेसी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह न सिर्फ एक समर्पित न्यूवेल्स समर्थक और व्यवसायी थे, बल्कि लियोनेल मेसी के करियर के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक थे। क्लब के मुताबिक, अपनी पत्नी सेलिया कुकितिनी के साथ मिलकर जॉर्ज ने लियोनेल के करियर के हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर उन्हें मार्गदर्शन और समर्थन दिया।

क्लब ने कहा कि लियोनेल के शुरुआती दिनों से लेकर विश्व फुटबॉल के शिखर तक पहुंचने की उनकी यात्रा में जॉर्ज की पर्दे के पीछे की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने मेसी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सेलिया, लियोनेल, रोड्रिगो, मटियास और मारिया सोल समेत परिवार के सभी सदस्यों को इस मुश्किल घड़ी में सांत्वना दी।

वर्ल्ड कप 2026 के दौरान सामने आई थी बीमारी की खबर

जॉर्ज मेसी की तबीयत को लेकर खबरें 2026 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान सामने आई थीं। इसी दौरान यह जानकारी सार्वजनिक हुई थी कि वह एक बीमारी से जूझ रहे हैं।

वर्ल्ड कप में अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना की जीत के दौरान लियोनेल मेसी भावुक होते नजर आए थे। उस मुकाबले में उन्होंने शानदार हैट्रिक भी लगाई थी। एक गोल करने के बाद मेसी की आंखों में आंसू दिखाई दिए, जिसके बाद उनके पिता की तबीयत को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।

बाद में मेसी ने पुष्टि की थी कि वह मैदान के बाहर की किसी व्यक्तिगत वजह से भावुक हुए थे। इसके बाद मेसी के परिवार ने उनके पिता के निधन की अफवाहों का खंडन करते हुए बताया था कि जॉर्ज की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

मेसी के करियर में जॉर्ज की रही अहम भूमिका

जॉर्ज मेसी सिर्फ लियोनेल मेसी के पिता ही नहीं थे, बल्कि उनके करियर को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेसी के शुरुआती फुटबॉल करियर से ही जॉर्ज उनके करियर से जुड़े बड़े फैसलों में सक्रिय रहे और उन्हें महत्वपूर्ण सलाह देते थे।

लियोनेल मेसी के अर्जेंटीना से निकलकर बार्सिलोना जाने के फैसले में भी जॉर्ज की अहम भूमिका थी। बाद में उन्होंने अपने बेटे के करियर से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों में भी भूमिका निभाई।

मेसी के बार्सिलोना छोड़ने के बाद पेरिस सेंट-जर्मेन और फिर इंटर मियामी जाने से जुड़े समझौतों में भी जॉर्ज मेसी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

मेसी परिवार वर्ल्ड कप के दौरान स्टेडियम में नहीं आया नजर

2026 वर्ल्ड कप के दौरान मेसी का परिवार स्टेडियम में नजर नहीं आया था। अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताबी मुकाबले में स्पेन से हारकर उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।

जॉर्ज मेसी के निधन की खबर के बाद फुटबॉल जगत में शोक की लहर है। लियोनेल मेसी के करियर में उनके पिता की भूमिका को देखते हुए उनका निधन अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर के लिए व्यक्तिगत तौर पर बेहद बड़ी क्षति माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *