यशस्वी जायसवाल के साथ डेटिंग की अफवाहों पर मृणाल ठाकुर ने तोड़ी चुप्पी, ‘अफवाहों को सच मत मानिए’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल हो रही थीं कि वह भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल को डेट कर रही हैं। हालांकि, मृणाल ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
दरअसल, हाल ही में मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल को मुंबई के बांद्रा वेस्ट में एक ही कैफे से बाहर निकलते हुए देखा गया था। दोनों के एक ही जगह से निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद फैंस के बीच दोनों के डेटिंग करने की चर्चाएं शुरू हो गईं।
वायरल वीडियो के आधार पर एक पोस्ट में सवाल उठाया गया कि क्या मृणाल, उनसे नौ साल छोटे क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल को डेट कर रही हैं। मृणाल ने इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में जाकर खुद इस खबर पर प्रतिक्रिया दी और अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।
मृणाल ने लिखा, “Bro relax… एक साथ कहां दिखे? कैसे यार? आप लोग इतने पढ़े-लिखे होकर भी ऐसी अफवाहों को सच मानने लगते हैं?”
उन्होंने आगे सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें फैलाने वालों को नसीहत देते हुए कहा, “देश में क्या कुछ नहीं हो रहा है। Gen Z से कुछ सीखिए और सही मुद्दों पर वीडियो बनाइए, ज्यादा व्यूज मिलेंगे।”
मृणाल के जवाब के बाद उनके फैंस भी उनके समर्थन में उतर आए। कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने वायरल खबर को फर्जी और भ्रामक बताया। एक यूजर ने लिखा, “क्या झूठी खबर चला रहे हो।”
वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में सवाल किया, “भाई, मतलब एक ही दिन में दो लोग एक ही रेस्टोरेंट में जा भी नहीं सकते क्या?” एक अन्य यूजर ने इसे “Wrong information” बताया, जबकि एक फैन ने मजाक करते हुए लिखा, “ये बात मृणाल ठाकुर को पता है?”
पहले धनुष के साथ भी जुड़ चुका है नाम
यह पहली बार नहीं है जब मृणाल ठाकुर की निजी जिंदगी को लेकर ऐसी अटकलें सामने आई हैं। इससे पहले उनका नाम अभिनेता धनुष के साथ भी जोड़ा गया था। कुछ रिपोर्ट्स में तो दोनों की 2026 में शादी होने तक का दावा किया गया था। हालांकि, दोनों कलाकारों ने इन खबरों को खारिज कर दिया था।
यशस्वी जायसवाल भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारों में शामिल हैं। 24 वर्षीय क्रिकेटर ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने टेस्ट और टी20 क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत की है और भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई है।
फिलहाल मृणाल ठाकुर ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि यशस्वी जायसवाल के साथ उनकी डेटिंग को लेकर चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
