महेंद्र सिंह धोनी को मिला ICC हॉल ऑफ फेम में स्थान, बने 11वें भारतीय दिग्गज

Mahendra Singh Dhoni got a place in ICC Hall of Fame, became the 11th Indian legend
(File Photo/BCCI Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने हॉल ऑफ फेम में शामिल कर एक और ऐतिहासिक सम्मान दिया है। सोमवार, 9 जून को ICC द्वारा जारी सूची में धोनी समेत कुल 7 दिग्गज क्रिकेटरों को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।

धोनी इस सम्मान को पाने वाले भारत के 11वें खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने इस मौके पर खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि इतिहास के महानतम क्रिकेटरों के साथ नाम जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।

“ICC हॉल ऑफ फेम में नामित होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह मंच पीढ़ियों से लेकर दुनियाभर के क्रिकेटरों के योगदान को मान्यता देता है। उन दिग्गजों के साथ मेरा नाम जुड़ना एक अनमोल अनुभव है, जिसे मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा,” धोनी ने ICC की प्रेस विज्ञप्ति में कहा।

धोनी का सफर: एक प्रेरणादायक कहानी

धोनी ने 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अपने करियर की पहली ही गेंद पर रन आउट हो जाने के बाद शुरुआत निराशाजनक रही, लेकिन उन्होंने जल्द ही जोरदार वापसी की। अपने पांचवें मैच में पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापत्तनम में 148 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इसके बाद रांची का यह लड़का कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, शानदार विकेटकीपिंग और शांत नेतृत्व क्षमता से धोनी ने टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर ली।

कप्तानी में रचा इतिहास

धोनी को बहुत जल्द टीम की कमान सौंप दी गई और उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके नेतृत्व में:

  • 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता

  • 2011 में 28 साल बाद भारत को वनडे विश्व कप दिलाया, जिसमें उन्होंने फाइनल में नाबाद 91 रन (79 गेंद) की ऐतिहासिक पारी खेली

  • 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर सभी ICC ट्रॉफी जीतने वाले पहले और एकमात्र कप्तान बने

रिकॉर्ड्स के धनी

धोनी दुनिया के तीसरे सबसे सफल विकेटकीपर भी हैं। उन्होंने 608 पारियों में कुल 829 शिकार किए, जिसमें 634 कैच और 195 स्टंपिंग शामिल हैं।

धोनी: सिर्फ एक नाम नहीं, एक युग

महेंद्र सिंह धोनी न केवल एक क्रिकेटर रहे, बल्कि एक युग का प्रतीक बन गए। उनकी उपलब्धियां, शांत नेतृत्व शैली और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता ने उन्हें क्रिकेट इतिहास में अमर बना दिया है। अब, ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होकर धोनी ने अपने नाम को और भी स्वर्णाक्षरों में दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *