‘रामायण’ के नए पोस्टर्स ने बढ़ाई एक्साइटमेंट, रणबीर-साईं पल्लवी के वनवास लुक से धूम
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित माइथोलॉजिकल फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब धीरे-धीरे खत्म होने वाला है। फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, मेकर्स भी लगातार नए पोस्टर्स और विजुअल्स के जरिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। अब फिल्म के लीड स्टार्स रणबीर कपूर, साईं पल्लवी, यश और रवि दुबे के नए कैरेक्टर पोस्टर्स सामने आए हैं।
इन नए पोस्टर्स में फिल्म के किरदारों की झलक पहले से कहीं ज्यादा स्पष्ट नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर पोस्टर्स सामने आते ही फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं। कई यूजर्स का कहना है कि ये अब तक सामने आए ‘रामायण’ के पोस्टर्स में सबसे शानदार हैं।
वनवास के लुक में नजर आए राम, सीता और लक्ष्मण
पहले पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में तीनों कलाकार वनवास के दौरान जंगल की पृष्ठभूमि में दिखाई दे रहे हैं।
रणबीर कपूर के हाथ में धनुष नजर आ रहा है, वहीं रवि दुबे भी धनुष थामे दिखाई दे रहे हैं। साईं पल्लवी का सीता वाला लुक बेहद शांत और गरिमामयी नजर आ रहा है। तीनों कलाकारों ने वनवास के अनुरूप सादे पारंपरिक भगवा परिधान पहने हुए हैं।
मेकर्स ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “Together Always, in Dharma.”
दूसरे पोस्टर में यश को रावण के किरदार में दिखाया गया है। पोस्टर में वह अपनी स्वर्णिम लंका की पृष्ठभूमि में नजर आ रहे हैं। भूरे रंग के पारंपरिक परिधान और सोने के आभूषणों में यश का लुक काफी भव्य दिखाई दे रहा है।
उनके चेहरे के हाव-भाव और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस रावण के किरदार को एक प्रभावशाली रूप देते हैं। ट्रेलर में यश के रावण लुक की झलक देखने के बाद अब नए पोस्टर ने भी दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।
मेकर्स ने पोस्टर के साथ लिखा, “The ruler of all 3 worlds, Ravana.”
‘रामायण’ के नए पोस्टर्स सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने पोस्टर्स को शानदार और भव्य बताया। एक यूजर ने लिखा, “Ramayana के नए स्टिल्स आ गए हैं, पोस्टर्स शानदार हैं।” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “ये दोनों नए पोस्टर्स बेहद शानदार हैं।”
एक अन्य फैन ने लिखा कि रणबीर, साईं पल्लवी और रवि दुबे वाला पोस्टर पहले ही रिलीज कर देना चाहिए था। वहीं यश के पोस्टर पर एक यूजर ने उनकी स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ करते हुए इसे अब तक का बेहतरीन पोस्टर बताया।
‘रामायण’ की स्टारकास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य की भव्य सिनेमाई प्रस्तुति है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं साउथ सुपरस्टार यश रावण का किरदार निभा रहे हैं और सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे।
फिल्म में रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, लारा दत्ता कैकेयी और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, VFX कंपनी DNEG और यश की Monster Mind Creations के सहयोग से किया जा रहा है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान के पास है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 4,000 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनाई जा रही ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज होने की योजना है, जबकि भारत में इसे 8 नवंबर, दिवाली के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है।
वहीं फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है। ऐसे में ‘रामायण’ के नए पोस्टर्स ने रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
