राम गोपाल वर्मा और मोहित सूरी की नई फिल्म: दाऊद इब्राहिम-छोटा राजन की दुश्मनी से जुड़ी होगी फिल्म की कहानी

Ram Gopal Varma and Mohit Suri's new film: The story will revolve around the rivalry between Dawood Ibrahim and Chhota Rajan.चिरौरी न्यूज

मुंबई: फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (RGV) ने निर्देशक मोहित सूरी के साथ अपनी आगामी अनटाइटल्ड फिल्म को लेकर कई अहम जानकारियां साझा की हैं। इस फिल्म की घोषणा रविवार को की गई थी। प्रोजेक्ट में राम गोपाल वर्मा को-प्रोड्यूसर और लेखक की भूमिका में हैं, जबकि मोहित सूरी इसका निर्देशन करेंगे।

राम गोपाल वर्मा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म की कहानी की पृष्ठभूमि का खुलासा किया। उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी उस दौर पर आधारित है, जब अंडरवर्ल्ड की दुनिया में दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के बीच बंटवारा हुआ था। इस घटनाक्रम में सौत्या नाम के एक व्यक्ति की अहम भूमिका बताई गई है।

RGV ने यह भी संकेत दिया कि फिल्म में भारतीय खुफिया एजेंसियों की भूमिका और 1993 के सीरियल ब्लास्ट के बाद हुए कुछ महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है, लेकिन मोहित सूरी ने इसे अपनी कल्पना और शैली के साथ एक अलग ही स्तर तक पहुंचा दिया है। फिल्म की कहानी के बैकग्राउंड के बारे में बताते हुए RGV ने कहा कि इसमें दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के अलग होने के दौर, सौत्या से जुड़े घटनाक्रम और उसके बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों की कथित भूमिका को दिखाया जाएगा। कहानी आगे चलकर 1993 के सीरियल ब्लास्ट के बाद सामने आए कुछ अहम घटनाक्रमों तक पहुंचेगी।

राम गोपाल वर्मा ने मोहित सूरी की फिल्ममेकिंग शैली की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोहित ने कहानी में अपने खास अंदाज को शामिल करते हुए भावनात्मक किरदारों, प्रभावशाली संगीत और बेहद यथार्थवादी एक्शन का इस्तेमाल किया है। RGV के मुताबिक, मोहित सूरी ने इस कहानी को सिर्फ एक क्राइम या अंडरवर्ल्ड फिल्म तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसमें भावनाओं और किरदारों को भी खास महत्व दिया है।

‘द गॉडफादर’ और ‘जॉज़’ का दिया उदाहरण

राम गोपाल वर्मा ने इस सहयोग को समझाने के लिए हॉलीवुड की दो चर्चित फिल्मों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सोचते थे कि अगर फ्रांसिस फोर्ड कोपोला ‘जॉज़’ का निर्देशन करते या स्टीवन स्पीलबर्ग ‘द गॉडफादर’ का निर्देशन करते तो दोनों की अलग-अलग फिल्ममेकिंग शैलियों का मेल कैसा होता।

RGV ने स्पष्ट किया कि वह खुद और मोहित सूरी की तुलना इन दिग्गज निर्देशकों से नहीं कर रहे हैं, बल्कि अलग-अलग फिल्ममेकिंग शैलियों के कंट्रास्ट को उदाहरण के तौर पर समझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों शैलियों में किरदारों की गहराई एक साझा खूबी हो सकती है। राम गोपाल वर्मा ने मोहित सूरी की विजन देखने के बाद दावा किया कि उनकी यह आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ से भी बड़े पैमाने की और ‘सत्या’ से भी ज्यादा दिल से जुड़ी हुई होगी। फिल्म का टाइटल, स्टारकास्ट और रिलीज डेट अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। हालांकि, RGV के खुलासे के बाद इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *