रामायण के पहले गाने ‘जय जय राम’ ने मचाई धूम, भक्ति और भव्यता से भरपूर है वीडियो
चिरौरी न्यूज
मुंबई: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। अब फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।
गाने के म्यूजिक वीडियो में भगवान राम और माता सीता के विवाह की झलक देखने को मिलती है। इसके अलावा राम के शौर्य और उनके युद्ध कौशल को भी भव्य अंदाज में दिखाया गया है। वीडियो में राम और सीता को रथ पर अयोध्या से गुजरते हुए दिखाया गया है, जहां नगरवासी पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत करते नजर आते हैं। गाने में भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिकता का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है।
‘जय जय राम’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गीत के बोल प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि संगीत दिग्गज ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। यह गीत पारंपरिक भजन ‘जय सिया राम’ की भावना को एक नए और सिनेमाई अंदाज में पेश करता है।
रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर गाने को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई प्रशंसकों ने इसकी मधुर धुन, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज तथा आध्यात्मिक भावनाओं की जमकर तारीफ की। कुछ यूजर्स ने इसे सुनने के बाद अपने अनुभव को बताते हुए कहा कि उनके “कान धन्य हो गए” और “आत्मा को सुकून मिला।”
एक यूजर ने लिखा, “क्या विजुअल ट्रीट है! क्या म्यूजिक है! #JaiJaiRam को बार-बार सुन रहा हूं। अरिजीत सिंह की आवाज इसे और भी खूबसूरत बना देती है।”
करीब 4,000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में बन रही ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग अक्टूबर 2026 में दिवाली से पहले दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान रिलीज किए जाने की उम्मीद है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के भव्य विजुअल्स और आगे सामने आने वाली झलकियों पर टिकी है।
