कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे और शरद यादव की बेटी भी शामिल
चिरौरी न्यूज़
पटना: बिहार विधानसभा के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने आज 49 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है जिसमें जाने माने अभिनेता और एक समय में भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक रहे अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा औेर लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी के नाम भी शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने प्रदेश की वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के उप चुनाव के लिए प्रवेश कुमार मिश्रा को टिकट देने की घोषणा की है।
बता दें कि कांग्रेस ने इस से पहले 21 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। महागठबंधन के अनुसार कांग्रेस को 70 सीट पर चुनाव लड़ना है। आज नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की लिस्ट में कुल 49 नाम शामिल हैं।
अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को बांकीपुर और लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी को बिहारीगंज से टिकट मिला है।
बता दें कि इस चुनाव में कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि आरजेडी 144 और वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।