सूर्यकुमार यादव ने दुबई में खरीदी लग्जरी प्रॉपर्टी, शाहरुख खान के प्रोजेक्ट में किया निवेश

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत को 2026 टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दुबई में एक लग्जरी प्रॉपर्टी खरीदी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी। वीडियो में उनकी पत्नी देविशा शेट्टी भी नजर आईं। सूर्यकुमार ने दुबई में रहने के अनुभव, वहां की सुविधाओं और अपनी नई प्रॉपर्टी के बारे में बात की।
मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल खेलने वाले सूर्यकुमार यादव ने वीडियो में बताया कि वह पहली बार 2014 में आईपीएल खेलने के लिए दुबई आए थे। इसके बाद 2020 में भी उन्होंने यहां समय बिताया। उन्होंने कहा कि अब भारत से बड़ी संख्या में लोग दुबई आ रहे हैं और यहां की लग्जरी तथा जीवनशैली का अनुभव कर रहे हैं।
शाहरुख खान के प्रोजेक्ट में खरीदी प्रॉपर्टी
सूर्यकुमार यादव की नई प्रॉपर्टी का नाम ‘Shahrukhz Residences’ है। उन्होंने बताया कि जब उन्हें पता चला कि शाहरुख खान से जुड़ा एक प्रोजेक्ट दुबई में बन रहा है, तो उन्होंने इसे लेकर ज्यादा सोच-विचार नहीं किया।
सूर्यकुमार ने कहा, “जब मुझे पता चला कि यहां शाहरुख सर की एक बिल्डिंग बन रही है, तो मेरे मन में कोई दूसरा विचार नहीं आया। सबसे अहम चीज इंटीरियर और उसकी गुणवत्ता है। इसके अलावा, लंबे समय तक टिकाऊ सुविधाएं और वेलनेस सेंटर भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।”
वीडियो में सूर्यकुमार ने दुबई की सुरक्षा व्यवस्था और वहां मिलने वाले सुकून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में भी वह खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं, लेकिन दुबई में भी सुरक्षा अच्छी है। उन्होंने कहा, “यहां आकर काफी सुकून महसूस होता है और मुझे बहुत अच्छा लगता है।”
प्रॉपर्टी में मिलेंगी आधुनिक वेलनेस सुविधाएं
वीडियो में दावा किया गया कि ‘Shahrukhz Residences’ में हाइपरबेरिक ट्रीटमेंट, रेड लाइट थेरेपी और क्रायोथेरेपी जैसी आधुनिक वेलनेस सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सूर्यकुमार ने एक ऐसी सुविधा का भी जिक्र किया, जिसके बारे में दावा किया गया कि बिना ब्लड टेस्ट के शरीर के विभिन्न स्तरों की जानकारी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ब्लड शुगर समेत शरीर से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां प्राप्त करने की यह सुविधा उन्हें काफी अच्छी लगी।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा शेट्टी ने इस साल की शुरुआत में मुंबई के चेंबूर इलाके में 7.18 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट खरीदा था। रिपोर्ट के अनुसार, 1,516.20 वर्ग फुट (140.86 वर्ग मीटर) का यह अपार्टमेंट ‘गोदरेज स्काई टेरेसेस’ में स्थित है। यह इस इमारत में दंपती की तीसरी अपार्टमेंट खरीद थी।
सूर्यकुमार यादव ने 2026 टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए देश को खिताब दिलाया था। हालांकि, इसके बावजूद वह अब भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तान के रूप में उनके रिकॉर्ड के बावजूद उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी से हटाकर श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपे जाने के फैसले ने भारतीय क्रिकेट जगत के कई लोगों को हैरान किया था।
