नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुईं सुस्मिता मुखर्जी, 1991 की तस्वीरें साझा कर लिखा- कुछ पल कभी लौटकर नहीं आते
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेता नाना पाटेकर को याद करते हुए उनकी पुरानी दोस्त और अभिनेत्री सुस्मिता मुखर्जी भावुक हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर 3 फरवरी 1991 की कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं। ये तस्वीरें अभिनेत्री दीप्ति नवल के जन्मदिन की पार्टी की हैं। इन तस्वीरों के जरिए सुस्मिता ने बीते दिनों की दोस्ती, बेफिक्री, हंसी-मजाक और उन खूबसूरत पलों को याद किया, जिन्हें वक्त के साथ पीछे छोड़ना पड़ा।
सुस्मिता ने अपने भावुक संदेश में लिखा कि उस समय वे चार लोग साथ थे। उनके पास वाइन, संगीत, हंसी और यहां तक कि एक पियानो भी था। जिंदगी की आगे आने वाली जटिलताओं से दूर उनकी अपनी एक छोटी-सी दुनिया थी।
उन्होंने लिखा, “बस हम चार लोग थे। वाइन, संगीत, हंसी और यहां तक कि एक पियानो भी। हमारी अपनी एक छोटी-सी दुनिया थी, जो जिंदगी की उन जटिलताओं से अछूती थी, जो आगे हमारा इंतजार कर रही थीं। और फिर हममें से एक हमेशा के लिए चला गया।”
सुस्मिता ने आगे लिखा कि उन्होंने सिर्फ उस व्यक्ति को नहीं खोया, बल्कि उन पलों को भी खो दिया जो कभी उनकी जिंदगी का हिस्सा हुआ करते थे। साथ बिताया समय, दोस्ती, मासूमियत और वह दौर, जिसमें दोबारा लौटकर जाना संभव नहीं है।
38 साल पुराने दोस्त ने भेजीं तस्वीरें, ताजा हो गईं यादें
सुस्मिता ने बताया कि उनके 38 साल पुराने एक करीबी दोस्त ने उन्हें तस्वीरों का एक संग्रह भेजा था। तस्वीरें देखकर उनके जेहन में पुरानी यादें फिर से जीवंत हो उठीं।
उन्होंने लिखा, “यादें धुंधली हो चुकी थीं और वक्त के साथ बहुत-सी बातें भूल गई थीं। लेकिन जैसे ही मैंने उन तस्वीरों को देखा, कुछ जादुई हुआ। उन्होंने मेरे दिमाग के उस हिस्से को जगा दिया, जहां यादें चुपचाप पड़ी रहती हैं और दोबारा याद किए जाने का इंतजार करती हैं। अचानक सब कुछ आंखों के सामने आने लगा।”
उन्होंने आगे कहा कि शायद उन्हें हर छोटी-बड़ी बात याद नहीं आई, लेकिन उन दिनों की भावनाएं जरूर लौट आईं। वह प्यार, दोस्ती, आपसी अपनापन, उन दिनों की मासूमियत और बीते वक्त को लेकर एक गहरी उदासी फिर से महसूस हुई।
सुस्मिता ने बताया कि ये तस्वीरें उनकी दोस्त दीप्ति नवल के जन्मदिन पर 3 फरवरी 1991 को खींची गई थीं।
‘लोग आते हैं, चले जाते हैं, यादें धुंधली पड़ जाती हैं’
सुस्मिता ने जिंदगी की सच्चाई पर भी भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि समय के साथ इंसान समझता है कि जिंदगी अनिश्चित है और लगातार बदलती रहती है। लोग मिलते हैं, कुछ लोग बिछड़ जाते हैं और वक्त के साथ यादें भी धुंधली पड़ने लगती हैं।
लेकिन कभी-कभी कुछ पुरानी तस्वीरें बीते हुए पूरे दौर को फिर से सामने ला देती हैं। उन्होंने लिखा, “इन सबके बीच हम आगे बढ़ते रहते हैं। एक-दूसरे का साथ थामे, अनजाने भविष्य का स्वागत करते हुए और जिंदगी के इस खूबसूरत लेकिन भावुक सफर के हर पल को संजोते हुए।”
दीप्ति नवल ने भी नाना को किया था याद
इससे करीब एक सप्ताह पहले अभिनेत्री दीप्ति नवल ने भी नाना पाटेकर को याद करते हुए फिल्म का एक पुराना दृश्य साझा किया था। यह तस्वीर गौतम घोष की फिल्म ‘यात्रा’ की थी।
दीप्ति ने तस्वीर के साथ लिखा था, “नाना और मेरे बीच टकराव का एक पल… गौतम घोष की फिल्म ‘यात्रा’ से।” उनकी इस पोस्ट ने भी प्रशंसकों को फिल्म और नाना पाटेकर के साथ उनके पुराने दिनों की याद दिला दी। सुस्मिता मुखर्जी की यह पोस्ट सिर्फ एक पुराने दोस्त को याद करने तक सीमित नहीं है। इसमें उस दौर की दोस्ती, साथ बिताए पलों और समय के साथ बदलती जिंदगी का दर्द भी झलकता है।
पुरानी तस्वीरों के बहाने उन्होंने यह बताया कि कुछ रिश्ते और उनसे जुड़ी यादें कभी पूरी तरह खत्म नहीं होतीं। वक्त भले ही आगे बढ़ जाए, लेकिन तस्वीरों में कैद मुस्कुराहटें और साथ बिताए पल हमेशा दिल में जिंदा रहते हैं।
