थाईलैंड ओपन 2026: किदांबी श्रीकांत ने 8वीं सीड को हराया; पीवी सिंधु, देविका सिहाग महिला वर्ग में आगे

Thailand Open 2026: Kidambi Srikanth Defeats 8th Seed; PV Sindhu, Devika Sihag Advance in Women's Category
(Pic credit: BAI)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: थायलैंड ओपन 2026 में भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई अहम मुकाबलों में जीत दर्ज की। बैंकॉक के निमिबुत्र स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबलों में पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने बड़ा उलटफेर करते हुए सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लोह कीन यू को सीधे गेमों में 21-14, 21-15 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

श्रीकांत ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया और पूर्व विश्व चैंपियन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। यह मुकाबला केवल 30 मिनट में समाप्त हो गया। अब अगले दौर में उनका सामना चीनी ताइपे के सू ली यांग से होगा।

दूसरे पुरुष एकल मुकाबले में लक्ष्य सेन ने चोट से वापसी करते हुए सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 21-16, 21-17 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। लक्ष्य ने यह मुकाबला 43 मिनट में अपने नाम किया।

महिला एकल में भारत की स्टार शटलर पी वी सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग चिओउ-तोंग को 21-9, 21-12 से हराकर शानदार शुरुआत की। शुरुआती गेम में 0-3 से पिछड़ने के बावजूद सिंधु ने दमदार वापसी करते हुए आसानी से मुकाबला जीत लिया। अब अगले दौर में उनका सामना डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा।

Thailand Open 2026: Kidambi Srikanth Defeats 8th Seed; PV Sindhu, Devika Sihag Advance in Women's Category
(Pic credit: BAI)

वहीं, देविका सिहाग ने जापान की नात्सुकी निदाइरा को कड़े मुकाबले में 21-19, 13-21, 21-15 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। पहले गेम में जीत दर्ज करने के बाद देविका दूसरे गेम में लय खो बैठीं, लेकिन निर्णायक गेम में उन्होंने शानदार वापसी की। एक समय स्कोर 5-5 से बराबर था, लेकिन इसके बाद देविका ने लगातार सात अंक जीतकर मैच पर पकड़ बना ली और जीत हासिल कर ली। अब उनका अगला मुकाबला थाईलैंड की पिचामोन ओपातनिपुथ से होगा।

भारतीय खिलाड़ी मालविका बंसोड़ ने भी शानदार संघर्ष दिखाते हुए अपनी कनाडाई प्रतिद्वंद्वी को 13-21, 26-24, 21-13 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। यह मुकाबला 53 मिनट तक चला।

हालांकि, दिन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में भारत की युवा खिलाड़ी अनमोल खरब को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी और दूसरी वरीयता प्राप्त चीन की चेन यू फेई को कड़ी चुनौती दी। अनमोल ने पहला गेम 21-19 से जीतकर शानदार शुरुआत की और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। तीसरे गेम में उन्होंने 11-2 की बढ़त भी बना ली थी, लेकिन वह इस बढ़त को जीत में नहीं बदल सकीं। आखिरकार एक घंटे दस मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में उन्हें 21-19, 13-21, 18-21 से हार झेलनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *