अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में दोषियों को मिले कड़ी सजा, व्यवस्था में सुधार हो: आरएसएस

Those guilty in the Ayodhya Ram Mandir donation theft case should receive severe punishment, and the system needs improvement: RSS.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दान पात्रों से धनराशि चोरी की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा पर आघात बताया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना पूरे हिंदू समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने मांग की कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर से कठोर दंड दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की यह स्वाभाविक अपेक्षा है कि न्यास इस गंभीर घटना को असाधारण मानते हुए मंदिर की व्यवस्था, संचालन और वित्तीय प्रबंधन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी और पारदर्शी कदम उठाए। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की  आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे। वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जाँच दल करेंगे। हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाये रखेगा।”

अपने वक्तव्य में होसबाले ने हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस घटना का लाभ उठाकर हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी शक्तियों द्वारा समाज को बदनाम करने के किसी भी प्रयास को विफल किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *