देश-प्रदेशनीति राजनीतिहाल फिलहाल

10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, 23 हजार CAPF जवानों की तैनाती

Tight security in Delhi ahead of the October 10 protest; 23,000 CAPF personnel deployedचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: 10 अक्टूबर को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन का आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी में बड़ी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों की तैनाती की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, 8 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली में 221 CAPF कंपनियों की तैनाती को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंजूरी दी है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस को 110 अतिरिक्त CAPF कंपनियां उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 85 CRPF, 10 SSB, 7 ITBP, 7 RAF और 1 CISF कंपनी शामिल है। कुल मिलाकर करीब 23 हजार CAPF जवानों की तैनाती की बात कही जा रही है। इसके साथ करीब 20 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे।

इससे पहले जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 150 CAPF कंपनियां तैनात की गई थीं, जबकि किसान आंदोलन के दौरान करीब 93 कंपनियों की तैनाती हुई थी।

दिल्ली की सीमाओं पर सख्त निगरानी

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की सभी सीमाओं पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जाएगी। उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत आसपास के राज्यों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।

पुलिस की ओर से बहुस्तरीय बैरिकेडिंग किए जाने की तैयारी है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में फेस रिकग्निशन सिस्टम वाले कैमरे लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

जरूरत पड़ने पर नई दिल्ली क्षेत्र के कुछ मेट्रो स्टेशन और बाजारों को भी बंद किया जा सकता है। रेलवे स्टेशनों और बस टर्मिनलों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।

प्रशासन की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंध लागू किए जाने की बात कही गई है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विरोध प्रदर्शन या लोगों के समूह में एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी।

10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार को 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि संगठन प्रस्तावित प्रदर्शन की औपचारिक सूचना दिल्ली पुलिस को देगा और सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा यातायात से जुड़े इंतजामों में प्रशासन के साथ सहयोग करेगा।

यह घटनाक्रम दिल्ली में चुनाव आयोग को लेकर विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच सामने आया है। इससे पहले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। विपक्षी सांसद आज दोपहर करीब 1:45 बजे एक कैफे में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। बैठक के बाद उनके राजघाट तक मार्च करने की संभावना भी जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *