तृप्ति डिमरी ने खोला राज, क्यों उनके दिल के करीब है ‘मां बहन’

Tripti Dimri Reveals the Secret: Why ‘Maa Behan’ Is Close to Her Heart
(Pic: Instagram)

चिरौरी न्यूज

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने अपनी आगामी फिल्म मां बहन को लेकर एक बेहद भावुक खुलासा किया है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान तृप्ति ने बताया कि उनके किरदार की प्रेरणा उनके बचपन की कॉलोनी में रहने वाली दो ऐसी महिलाओं से मिली, जिन्हें समाज ने बिना वजह गलत नजरों से देखा।

तृप्ति ने कहा कि वे दोनों महिलाएं अकेली रहती थीं, उनके माता-पिता नहीं थे और उस दौर के हिसाब से उन्हें “ज्यादा फैशनेबल” माना जाता था। इसी वजह से लोग उनके बारे में तरह-तरह की बातें करते थे और बच्चों को उनसे दूर रहने की सलाह दी जाती थी।

अभिनेत्री ने कहा, “हमें बचपन में कहा जाता था कि उनके घर मत जाना, उनसे दोस्ती मत करना। लेकिन अब सोचती हूं तो लगता है कि समाज ने उन्हें बिना किसी कारण जज किया था। जब मैंने ‘मां बहन’ की कहानी सुनी, तो मेरे दिमाग में उन्हीं दो महिलाओं की तस्वीर थी।”

तृप्ति ने आगे कहा कि इस फिल्म के जरिए वह उन महिलाओं से एक तरह से माफी मांगना चाहती हैं। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि समाज की सोच पर सवाल उठाने वाली कहानी है।

फिल्म में माधुरी दीक्षित नेने भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा धारणा दुर्गा, रवि किशन, गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म की कहानी एक ऐसी मां और उसकी बेटियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी अचानक तब बदल जाती है जब उनकी रसोई में एक लाश मिलती है। इसके बाद शुरू होता है झूठ, डर और पड़ोसियों से राज छिपाने का सिलसिला। मां बहन 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *