यूएई राष्ट्रपति ने ईरान पर साधा निशाना, “पड़ोसियों से नहीं है आपकी जंग”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान ने देश के विभिन्न हिस्सों पर ईरानी मिसाइल हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ईरान को समझदारी से काम लेना चाहिए क्योंकि उसकी जंग अपने पड़ोसी देशों से नहीं है।
यूएई राष्ट्रपति के कूटनीतिक सलाहकार अनवर गरगाश ने बयान में कहा, “खाड़ी देशों के खिलाफ ईरानी आक्रामकता एक बड़ी भूल है। इससे एक महत्वपूर्ण समय पर ईरान और अधिक अलग-थलग पड़ गया है। आपकी जंग अपने पड़ोसियों से नहीं है। समझदारी से काम लें और अपने आसपास के देशों के साथ जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करें, वरना अलगाव और तनाव का दायरा और बढ़ेगा।”
ईरान ने यह हमले अमेरिका और इज़राइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के जवाब में किए, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामानेई की मौत हो गई थी। शनिवार को ईरानी मिसाइलों ने अबू धाबी के दक्षिणी हिस्से में स्थित अल-धफरा अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया। इसके अलावा अबू धाबी के अन्य क्षेत्रों में भी धमाकों से दहशत फैल गई।
दुबई पर भी हमला, हवाई क्षेत्र बंद
दुनिया के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक दुबई, जहां कोई अमेरिकी सैन्य अड्डा नहीं है, भी हमलों की चपेट में आ गया। शहर में पांच बड़े धमाके दर्ज किए गए। दुबई एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। हमलों में चार लोगों के घायल होने की खबर है। एहतियातन दुबई का हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
प्रतीकात्मक इमारतों को भी नुकसान
ईरानी हमलों के दौरान दुबई के प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल को भी गंभीर क्षति पहुंची। वर्ष 1999 में जुमेराह बीच के पास कृत्रिम द्वीप पर बना यह होटल दुबई की वैश्विक पहचान का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा कृत्रिम रूप से निर्मित पाल्म जुमेरियाह द्वीप पर स्थित एक अन्य होटल के पास आग लगने की भी खबर है।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ा तनाव
ईरान के जवाबी हमलों का असर अन्य खाड़ी देशों में भी देखा गया। रविवार को दुबई और कतर की राजधानी दोहा में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ओमान भी पहली बार इन हमलों की चपेट में आया।
विश्लेषकों का मानना है कि इन हमलों से खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है और ईरान का अपने पड़ोसी देशों से अलगाव और गहरा हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने सभी पक्षों से संयम बरतने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की अपील की है।
