एक्स-हसबैंड द्वारा रिसेप्शन की तस्वीरें शेयर करने के बाद उर्मिला मातोंडकर का ‘वफ़ादारी’ पर कृप्टिक रहस्यमयी नोट
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर ने अपनी दूसरी पत्नी निदा भट्ट के साथ रिसेप्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों के सामने आने के कुछ घंटे बाद उर्मिला ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक क्रिप्टिक नोट साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी।
उर्मिला ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “मुझे प्यार, वफादारी और समय जैसी महंगी चीजें पसंद हैं।” हालांकि, अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया और न ही यह स्पष्ट किया कि उनका इशारा किस ओर था।
वहीं, मोहसिन अख्तर ने निदा भट्ट के साथ रिसेप्शन की तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि निदा सिर्फ उनकी पत्नी नहीं बनीं, बल्कि उनका घर, सुकून और हर दिन का पसंदीदा हिस्सा भी बन गईं। मोहसिन ने उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने और जीवन के हर पड़ाव पर प्यार करने का वादा किया।
मोहसिन अख्तर ने इसी साल जून में निदा भट्ट से शादी की है।
2016 में हुई थी उर्मिला और मोहसिन की शादी
मोहसिन अख्तर की इससे पहले अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर से शादी हुई थी। दोनों ने 4 फरवरी 2016 को एक निजी समारोह में शादी की थी। उस समय उनकी शादी काफी चर्चा में रही थी। इसकी एक वजह दोनों के बीच करीब 10 साल का उम्र का अंतर भी था। इसके अलावा दोनों की अंतरधार्मिक शादी भी सुर्खियों में रही।
उर्मिला और मोहसिन की पहली मुलाकात 2014 में डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी के दौरान हुई थी। कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले मोहसिन कारोबारी और मॉडल हैं। 2016 में हुई उर्मिला और मोहसिन की निजी शादी में मनीष मल्होत्रा भी शामिल हुए थे। शादी के बाद दोनों अमृतसर के स्वर्ण मंदिर भी गए थे और इसके बाद निकाह की रस्म हुई थी।
2024 में सामने आई थीं रिश्ते में अनबन की खबरें
उर्मिला और मोहसिन के रिश्ते में अनबन की खबरें 2024 में सामने आई थीं। सितंबर 2024 में उनके करीबी सूत्र के हवाले से रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि उर्मिला ने मुंबई की एक अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है।
उर्मिला मातोंडकर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बाल कलाकार के तौर पर की थी। उन्होंने ‘मासूम’ और ‘कलयुग’ जैसी फिल्मों में काम किया। बतौर लीड अभिनेत्री उनकी शुरुआत 1991 में फिल्म ‘नरसिम्हा’ से हुई। उर्मिला को ‘रंगीला’, ‘जुदाई’, ‘सत्या’, ‘कौन’, ‘प्यार तूने क्या किया’, ‘भूत’ और ‘एक हसीना थी’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है।
