कौन हैं गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस? मॉडलिंग से फैशन बिजनेस तक, अर्जुन रामपाल की पत्नी की पूरी कहानी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय से पार्टनर रही गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस के साथ गोवा में कोर्ट मैरिज कर अपने रिश्ते को कानूनी रूप दे दिया है। दोनों ने 2018 में अपने रिश्ते की शुरुआत की थी और अब शादी के बाद गैब्रिएला एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ अर्जुन रामपाल की पत्नी के तौर पर नहीं है। वह खुद एक मॉडल, फैशन डिजाइनर और उद्यमी हैं और लंबे समय से फैशन व एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
गैब्रिएला का जन्म और पालन-पोषण दक्षिण अफ्रीका में हुआ। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद उन्होंने गौतेंग के सनीसाइड में फैशन डिजाइन की पढ़ाई की और धीरे-धीरे मॉडलिंग से आगे बढ़कर फैशन और बिजनेस की दुनिया में अपनी पहचान बनाई।
अपने शुरुआती करियर में गैब्रिएला ने कई एडिटोरियल शूट और अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट किए। भारत आने के बाद उन्होंने मॉडलिंग के साथ-साथ फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया। वह कई बड़े फैशन रनवे का हिस्सा रही हैं और चर्चित ब्रांड्स के कैंपेन में भी नजर आ चुकी हैं।
फिल्मों में भी आजमाया हाथ
गैब्रिएला ने एक्टिंग में भी अपना हाथ आजमाया। उनके अभिनय क्रेडिट में ‘इश्क झमेला’, ‘सोनाली केबल’ और तेलुगु-तमिल फिल्म ‘ऊपिरी’ शामिल हैं। हालांकि, उनका मुख्य फोकस धीरे-धीरे फैशन और बिजनेस की तरफ बढ़ता गया।
गैब्रिएला ने 2012 में Deme नाम से रेडी-टू-वियर महिलाओं के कपड़ों का ब्रांड शुरू किया। इसके अलावा उन्होंने VRTT Vintage नाम से एक क्यूरेटेड रीसेल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया, जो सर्कुलर फैशन को बढ़ावा देता है।
इस तरह गैब्रिएला ने मॉडलिंग के साथ फैशन डिजाइन और उद्यमिता में भी अपनी अलग पहचान बनाई। गैब्रिएला सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 7 लाख फॉलोअर्स हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट में अक्सर फैशन, ट्रैवल, पर्सनल स्टाइल और परिवार से जुड़ी झलकियां देखने को मिलती हैं।
वह अपनी निजी जिंदगी को पूरी तरह सार्वजनिक करने से बचती हैं, लेकिन समय-समय पर अर्जुन रामपाल और बच्चों के साथ तस्वीरें और पोस्ट शेयर करती रही हैं।
2018 से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला 2018 से साथ हैं। दोनों के रिश्ते की चर्चा लंबे समय से होती रही है। शादी से पहले अर्जुन ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान गैब्रिएला से अपनी सगाई की पुष्टि की थी।
पॉडकास्ट के ट्रेलर में दोनों के बीच की बातचीत भी सामने आई थी। गैब्रिएला ने प्यार और रिश्तों को लेकर अपने विचार साझा किए थे, जबकि अर्जुन ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह शुरुआत में गैब्रिएला की खूबसूरती की वजह से उनकी तरफ आकर्षित हुए थे, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनके व्यक्तित्व में इससे कहीं ज्यादा है।
दो बेटों के माता-पिता हैं दोनों
अर्जुन और गैब्रिएला दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे अरिक का जन्म 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे अरव का जन्म 2023 में हुआ। गैब्रिएला कई मौकों पर काम और मातृत्व के बीच संतुलन को लेकर बात कर चुकी हैं। वह बच्चों की परवरिश के साथ अपने फैशन और बिजनेस से जुड़े काम को भी आगे बढ़ा रही हैं।
अब गोवा में कोर्ट मैरिज के बाद अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से शादी का नाम दे दिया है। गैब्रिएला के लिए यह सिर्फ एक अभिनेता की पत्नी बनने की कहानी नहीं है, बल्कि मॉडलिंग से लेकर फैशन और उद्यमिता तक अपनी अलग पहचान बनाने का सफर भी है।
