शादीशुदा हीरोइन को ही रोमांटिक सीन के लिए क्यों किया जाता है ट्रोल? ‘टॉक्सिक’ की एक्ट्रेस कियारा आडवाणी के समर्थन में उतरे हॉलीवुड अभिनेता

Why are only married heroines trolled for romantic scenes? Hollywood actor comes out in support of 'Toxic' actress Kiara Advani.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: “शादीशुदा हीरोइन रोमांटिक सीन करे तो सवाल उठते हैं, लेकिन शादीशुदा हीरो वही करे तो तारीफ मिलती है। आखिर यह दोहरा रवैया क्यों?” यही सवाल इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के नए गाने ‘तबाही’ के रिलीज होने के बाद अभिनेत्री कियारा आडवाणी को रोमांटिक दृश्यों के लिए ट्रोल किया गया, जबकि उनके सह-कलाकार यश की उसी प्रदर्शन के लिए जमकर तारीफ हुई। अब फिल्म में अभिनय कर रहे ब्रिटिश अभिनेता बेनेडिक्ट गैरेट ने इस दोहरे मापदंड पर खुलकर सवाल उठाए हैं।

बेनेडिक्ट गैरेट ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि उन्होंने देखा कि यश के कमेंट सेक्शन में लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं, उन्हें “फायर” इमोजी भेज रहे हैं और उनके लुक्स की सराहना कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कियारा आडवाणी को सिर्फ इसलिए ट्रोल किया जा रहा है क्योंकि वह शादीशुदा हैं और हाल ही में मां बनी हैं।

उन्होंने कहा, “लोग कह रहे हैं कि कियारा की अभी शादी हुई है, वह मां हैं और उन्हें अपने पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ होना चाहिए। लेकिन सवाल यह है कि यश भी शादीशुदा हैं और उनके भी बच्चे हैं, फिर सिर्फ महिला को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है?”

‘वे कलाकार हैं, अपना काम कर रहे हैं’

बेनेडिक्ट ने कहा कि दर्शक अक्सर कलाकार के निजी जीवन और उसके किरदार के बीच का फर्क भूल जाते हैं। उनके मुताबिक, अभिनय का मतलब किसी कहानी को विश्वसनीय ढंग से पर्दे पर पेश करना होता है, चाहे उसमें रोमांस, किसिंग या अंतरंग दृश्य ही क्यों न हों।

उन्होंने कहा, “वे अभिनेता हैं और उनका काम किरदार निभाना है, न कि अपनी निजी जिंदगी को पर्दे पर जीना। अगर हम शादीशुदा कलाकारों को रोमांटिक किरदार निभाने के लिए जज करने लगेंगे, तो इसका मतलब है कि हम अभिनय की मूल भावना को ही नहीं समझते।”

बेनेडिक्ट का कहना है कि कियारा की आलोचना उनके अभिनय को लेकर नहीं हो रही, बल्कि इसलिए हो रही है क्योंकि वह किसी की पत्नी और अब एक मां हैं।

उन्होंने कहा, “लोग उनके अभिनय पर सवाल नहीं उठा रहे हैं। वे सिर्फ इसलिए उन्हें निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह शादीशुदा हैं और मां हैं। क्या शादी के बाद किसी अभिनेत्री को अभिनय करना छोड़ देना चाहिए? यह सोच पूरी तरह गलत है।”

Actor Yash's upcoming film 'Toxic' will now be released on this date.उन्होंने आगे कहा कि असली समस्या कियारा की प्रोफेशनलिज्म नहीं, बल्कि समाज की दोहरी सोच और पाखंड है। अपने पोस्ट के कैप्शन में बेनेडिक्ट ने लिखा कि ‘तबाही’ गाने को लेकर जो प्रतिक्रिया सामने आई है, वह कियारा या यश से ज्यादा समाज की मानसिकता को उजागर करती है।

उन्होंने यह भी बताया कि एक अभिनेता के रूप में उन्होंने फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी में अंतरंग दृश्य निभाए हैं, इसलिए वह अच्छी तरह समझते हैं कि अभिनय और वास्तविक जीवन में कितना बड़ा अंतर होता है।

26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’

यश और कियारा आडवाणी अभिनीत ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्देशन गीतु मोहनदास ने किया है। कई बार टलने के बाद अब यह फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण और यश ने KVN प्रोडक्शंस तथा मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया है। यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट की गई है तथा हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *