गाज़ियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट का लेंटर गिरने से 10 लोगों की मौत, कई घायल
चिरौरी न्यूज़
गाज़ियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मुरादनगर में आज श्मशान घाट का लेंटर गिर गया है जिसमें कई लोगों की दबने से मौत हो गयी है। अबतक 10 लोगों का शव निकला जा चुका है। अभी भी मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है।
प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँच कर बचाव कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम भी लोगों को मलबे से बाहर निकाल रही है। मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक 18 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मुरादनगर में रहने वाले फल विक्रेता राजाराम की के अंतिम क्रियाकर्म के लिए कई लोग और उनके परिवारजन मुरादनगर के श्मशान घाट में एकत्रित हुए थे, अंतिम संस्कार के बाद जब बारिश होने लगी तो लोग बारिश से बचने के लिए लेंटर के नीचे खड़े हो गए। उसी दौरान ये लेंटर भरभरा कर गिर गया।
मुरादनगर की घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम कार्यालय की तरफ से कहा गया कि गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव मदद पहुंचाई जाए तथा हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।