ब्रिक्स समिट से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर रूस के 3 विमानों ने पहली बार लैंडिंग की

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर पहली बार रूस के तीन मिलिट्री एयरक्राफ्ट उतरे। यह इस नए चालू हुए एयरपोर्ट पर किसी विदेशी एयरक्राफ्ट की पहली लैंडिंग थी। एयरक्राफ्ट सुबह करीब 5:30 बजे रनवे पर उतरे. इनमें रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट IL-76 भी शामिल था। इन एयरक्राफ्ट से रूस की एक एडवांस टीम और मिलिट्री अधिकारी भारत पहुंचे।
इस लैंडिंग को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा और दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स (BRICS) समिट की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी इस हाई-प्रोफाइल डिप्लोमैटिक इवेंट के लिए तैयारियां कर रही है।
तीनों मिलिट्री एयरक्राफ्ट बुधवार पूरे दिन एयरपोर्ट के रनवे पर ही खड़े रहे। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी अधिकारी और रूसी टीमें एयरक्राफ्ट पर नज़र रख रही हैं और सुरक्षा इंतज़ामों की देखरेख कर रही हैं।
भारत आने वाले विदेशी मिलिट्री एयरक्राफ्ट आम तौर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का इस्तेमाल करते रहे हैं। नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी एयरक्राफ्ट की लैंडिंग इस नई सुविधा के लिए एक अहम शुरुआत है।
18वां ब्रिक्स समिट 12 और 13 सितंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख शामिल होंगे। पुतिन भी इस समिट में हिस्सा लेंगे। नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी मिलिट्री एयरक्राफ्ट की लैंडिंग और पार्किंग अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही से जुड़ी तैयारियों का हिस्सा है।
