हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड में 9 लोगों की गयी जान
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के सांग्ला-छितकुल इलाके में हुई लैंड स्लाइड की घटना में 9 लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि सांग्ला-छितकुल इलाके में एक बड़ा चट्टान यात्रियों से भरे हुए टेंपो पर गिर गया, जिसकी वजह से नौ लोगों की मौत हो गयी। टेंपो में कुल 11 लोग सवार थे, सभी मृतक छितकुल से सांग्ला की ओर जा रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि उन्होंने किन्नौर जिला प्रशासन से बात की है और दिशा निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें यह दिख रहा है कि किस तरह सांग्ला घाटी में बड़े-बड़े चट्टान गिर रहे हैं। इस भूस्खलन में कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए थे।
किन्नौर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। आईटीबीपी पुलिस की टीम बदसेरी गांव पहुंच गयी है जहां यह दुर्घटना हुई है। आईटीबीपी ने यह जानकारी दी है कि तीन लोग घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।