रामलीला मैदान की रैली में अखिलेश यादव बोले- यूपी से होगी बदलाव की शुरुआत
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित विपक्षी दलों की रैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। यह रैली मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में आयोजित की गई थी। इस दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बीजेपी को चुनौती दी और कहा कि प्रदेश की जनता लोकतंत्र बचाने की लड़ाई की शुरुआत करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग कभी भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाने की बात करते थे, वे आज मतदाता सूची में हेरफेर करने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आ रही है और इस आंदोलन की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।
अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान में जुटी भीड़ को लोकतंत्र की ‘हल्दीघाटी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता किसी का स्वागत करना भी जानती है और उसे विदा करना भी अच्छी तरह जानती है।
उन्होंने कहा, “पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को उत्तर प्रदेश की जनता ने आंशिक रूप से विदा किया था, लेकिन अगले साल ऐसा विदा करेगी कि वह दोबारा लौट नहीं पाएगी।”
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 33 सीटें मिली थीं, जबकि 2019 में पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
इस रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कई विपक्षी दलों के प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, माकपा महासचिव एमए बेबी और भाकपा महासचिव डी. राजा समेत कई नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी बचेगा, जब मोदी सत्ता से जाएंगे। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि केंद्र और कई राज्यों की सरकारें जनता के वोट से नहीं, बल्कि कथित वोट चोरी के जरिए सत्ता में आई हैं।
CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज
विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी तेज कर दी है। इससे पहले INDIA गठबंधन के 19 विपक्षी दलों ने मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित मॉक संसद में एक प्रस्ताव पारित किया था।
विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर मतदाता सूची से वोट हटाने और बीजेपी के इशारे पर SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। हालांकि, ये विपक्षी दलों के आरोप हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने SIR प्रक्रिया को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए पश्चिम बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी पीछे नहीं हटेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा, “हम अपनी जान दे देंगे, लड़ेंगे, लेकिन आत्मसमर्पण नहीं करेंगे।” वहीं, सीपीआई नेता एमए बेबी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। रैली में विपक्षी नेताओं ने एकजुट होकर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
