अभिषेक बच्चन ने तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, “सब बकवास है”
चिरौरी न्यूज
मुंबई: अभिनेता अभिषेक बच्चन ने अपने और पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन को लेकर लगातार फैल रही तलाक की अफवाहों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। पीपिंग मून से बातचीत में अभिषेक ने इन अटकलों को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि पब्लिक फिगर होने के नाते ऐसी बातें होना आम है, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
अभिषेक ने कहा, “अगर आप पब्लिक फिगर हैं, तो लोग हर छोटी-मोटी बात पर अटकलें लगाएंगे। जो भी बकवास लिखी गई है, वह बिल्कुल गलत है। इसमें से कुछ भी सच पर आधारित नहीं है; यह जानबूझकर दुख पहुंचाने वाला है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी शादी से पहले लोग हमारी शादी की तारीखों का अंदाज़ा लगा रहे थे और शादी के बाद यह तय करने लगे कि हम कब अलग होंगे। यह सब निराधार है। वह मेरा सच जानती है और मैं उसका। हम एक प्यारे, ज़मीन से जुड़े परिवार में लौटते हैं—और यही असली मायने रखता है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या इन अफवाहों से उन्हें फर्क पड़ता है, तो अभिषेक ने साफ कहा, “नहीं। अगर इनमें थोड़ी भी सच्चाई होती, तो शायद फर्क पड़ता। लेकिन ऐसा नहीं है। मैं अपने परिवार या अपने बारे में मनगढ़ंत कहानियों और झूठ को बर्दाश्त नहीं करूंगा।”
गौरतलब है कि पिछले साल एक हाई-प्रोफाइल शादी में कपल की अलग-अलग एंट्री और अभिषेक द्वारा ‘ग्रे डिवोर्स’ से जुड़ी एक पोस्ट लाइक किए जाने के बाद इन अफवाहों ने जोर पकड़ा था। हालांकि, बीते कुछ महीनों में ऐश्वर्या और अभिषेक कई मौकों पर साथ नजर आए—चाहे आराध्या के स्कूल फंक्शन हों, पारिवारिक शादियां हों या स्टार-स्टडेड रिसेप्शन।
वर्क फ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन आखिरी बार मणिरत्नम की पोन्नियिन सेल्वन: II में नंदिनी के किरदार में नजर आई थीं, जबकि अभिषेक बच्चन हाल ही में अमेज़न प्राइम ओरिजिनल बी हैप्पी में दिखाई दिए थे।
